ईद, सरहुल और रामनवमी को लेकर प्रशासन सतर्क, शांति समिति की बैठक में अहम निर्णय
जुलूस सुरक्षा, स्ट्रीट लाइट और सोशल मीडिया निगरानी पर जोर, प्रशासन ने दिए सख्त निर्देश

सरायकेला : अनुमंडल कार्यालय में मंगलवार को आगामी पर्व ईद, सरहुल और रामनवमी को शांतिपूर्ण एवं सौहार्दपूर्ण माहौल में संपन्न कराने को लेकर अनुमंडल स्तरीय शांति समिति की बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता संयुक्त रूप से अनुमंडल पदाधिकारी एवं अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी ने की। बैठक में साफ-सफाई, विधि-व्यवस्था, सुरक्षा, यातायात प्रबंधन एवं सोशल मीडिया निगरानी जैसे महत्वपूर्ण मुद्दों पर विस्तार से चर्चा की गई। जुलूसों के दौरान सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने तथा रफ ड्राइविंग पर नियंत्रण के लिए विशेष रणनीति तैयार की गई। इस दौरान भाजपा नेता सुमित कुमार चौधरी ने नगर क्षेत्र में खराब स्ट्रीट लाइट की समस्या उठाई। इस पर अनुमंडल पदाधिकारी ने संबंधित विभाग को रामनवमी से पहले सभी स्ट्रीट लाइट दुरुस्त करने का निर्देश दिया। साथ ही टाटा-कांड्रा-सरायकेला मार्ग पर लगे स्ट्रीट लाइटों की मरम्मत कराने को भी कहा गया। अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी ने सभी थाना प्रभारियों को संवेदनशील क्षेत्रों में अतिरिक्त पुलिस बल तैनात करने और सोशल मीडिया पर कड़ी निगरानी रखने के निर्देश दिए। प्रशासन ने आमजनों से अपील की कि सभी लोग आपसी भाईचारे के साथ पर्व मनाएं और किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तुरंत प्रशासन को दें।