मनीफिट गुरुद्वारा कमिटी का आदर्श चुनाव, सर्वसम्मति से सरदार राजेंद्र सिंह बने प्रधान
बिना विवाद और शोर-शराबे के चुनी गई नई टीम, संगत ने पेश की अनुकरणीय मिसाल

जमशेदपुर : मनीफिट स्थित गुरुद्वारा प्रबंधक कमिटी ने आदर्श और सादगीपूर्ण तरीके से चुनाव संपन्न कर एक मिसाल पेश की है। मंगलवार को आयोजित बैठक में बोले सो निहाल, सतश्री अकाल के जयकारे के साथ सरदार राजेंद्र सिंह को अगले तीन वर्षों के लिए सर्वसम्मति से प्रधान चुना गया। बैठक में बिना किसी विवाद या हो-हल्ले के चुनाव प्रक्रिया पूरी की गई। सरदार सोहन सिंह को मीत प्रधान तथा बीबी जसवीर कौर को स्त्री सत्संग सभा का प्रधान चुना गया। इससे पूर्व गुरुद्वारा कमिटी के प्रधान सरदार अमरीक सिंह थे। नवनिर्वाचित प्रधान सरदार राजेंद्र सिंह को सरोपा पहनाकर सम्मानित किया गया। उन्होंने संगत का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि वे गुरु की सेवा को सर्वोपरि मानते हुए गुरुग्रंथ साहिब के सेवक के रूप में अपनी जिम्मेदारी निभाएंगे। साथ ही उन्होंने धार्मिक समागमों और कार्यक्रमों को बढ़ावा देने का संकल्प लिया। गुरुद्वारा कमिटी के सक्रिय सदस्य सुरेंद्र सिंह सन्नी ने कहा कि संगत को नए नेतृत्व से काफी उम्मीदें हैं और विश्वास है कि कमिटी की गरिमा को नई ऊंचाइयों तक पहुंचाया जाएगा। इस अवसर पर सरदार राजेन्द्र सिंह के अलावा सुरेंद्र सिंह सन्नी, हरपाल सिंह, तरसेम सिंह, मंजीत सिंह, मनप्रीत सिंह, रणधीर सिंह, दविंदर सिंह, मंजीत कौर, पलविंदर कौर, हरभजन कौर और स्वर्ण कौर सहित बड़ी संख्या में संगत के सदस्य मौजूद रहे और सभी ने एकजुट होकर नए नेतृत्व का स्वागत किया। यह चुनाव प्रक्रिया सामाजिक सौहार्द और अनुशासन का उत्कृष्ट उदाहरण बनकर उभरी।