सौहार्द और भाईचारे के साथ गिद्धौर में मनाया गया ईद-उल-फितर
नमाज के बाद लोगों ने एक-दूसरे को गले लगाकर ईद की मुबारकबाद दी। बच्चों से लेकर बुजुर्गों तक सभी में खासा उत्साह देखने को मिला।

आमीर सुहैल
गिद्धौर (चतरा) प्रखंड में ईद-उल-फितर का पावन त्यौहार शनिवार को पूरे उत्साह, शांति एवं सौहार्दपूर्ण वातावरण में मनाया गया। इस अवसर पर प्रखंड क्षेत्र के बरटा, किरकिरा, आमीन, तरी, घटेरी, गांगपुर, लुब्धिया, तिलैया, द्वारी समेत विभिन्न गांवों के ईदगाहों और मस्जिदों में सुबह से ही नमाज अदा करने के लिए लोगों की भीड़ उमड़ पड़ी। निर्धारित समय पर ईमामों के नेतृत्व में विशेष नमाज अदा की गई, जिसमें क्षेत्र की खुशहाली, अमन-चैन और आपसी भाईचारे की दुआ मांगी गई।
नमाज के बाद लोगों ने एक-दूसरे को गले लगाकर ईद की मुबारकबाद दी। बच्चों से लेकर बुजुर्गों तक सभी में खासा उत्साह देखने को मिला। लोगों ने अपने-अपने घरों में मेहमानों का स्वागत किया और सेवईं, मिठाइयों व विभिन्न पकवानों का आनंद लिया। पूरे क्षेत्र में दिनभर खुशी और भाईचारे का माहौल बना रहा। ईद के मौके पर बाजारों में भी रौनक देखने को मिली। कपड़े, मिठाई और जरूरत के सामान की खरीदारी के लिए लोगों की भीड़ लगी रही। खासकर बच्चों में नए कपड़े पहनने और ईदी पाने को लेकर विशेष उत्साह देखा गया। त्योहार को शांतिपूर्ण और व्यवस्थित तरीके से संपन्न कराने के लिए प्रशासन पूरी तरह मुस्तैद रहा। बीडीओ राहुल देव, थाना प्रभारी शिवा यादव तथा अंचल अधिकारी अनंत सयनम विश्वकर्मा सहित अन्य प्रशासनिक अधिकारी लगातार क्षेत्र का दौरा करते रहे और सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लेते रहे। विभिन्न संवेदनशील स्थानों पर पुलिस बल की तैनाती की गई थी, जिससे कहीं भी किसी प्रकार की अप्रिय घटना नहीं हुई। प्रशासनिक अधिकारियों ने लोगों से शांति एवं सौहार्द बनाए रखने की अपील की और कहा कि सभी समुदायों के सहयोग से ही इस तरह के त्योहार सफलतापूर्वक संपन्न होते हैं।