कार्यालय के बाद बियर बार में दिखे कर्मचारी! सरकारी सेवा आचरण नियमों के उल्लंघन के आरोपों से घिरे गम्हरिया अंचल के बड़ा बाबू तरुण ठाकुर
गम्हरिया अंचल कार्यालय के बड़ा बाबू पर गंभीर सवाल, बियर बार में शराब पीते दिखे तरुण ठाकुर

गम्हरिया : सरायकेला-खरसावां जिले के गम्हरिया अंचल कार्यालय में कार्यरत बड़ा बाबू के नाम से चर्चित तरुण ठाकुर एक बार फिर विवादों में हैं। आरोप है कि वे प्रतिदिन कार्यालय की ड्यूटी समाप्त होने के बाद शाम के समय प्रखंड कार्यालय परिसर के आसपास स्थित बार में शराब का सेवन करते देखे जाते हैं। शुक्रवार की शाम गम्हरिया स्थित लाल बिल्डिंग के एक बियर बार में उनके शराब पीने की तस्वीर सामने है। तस्वीर में उनके साथ हल्का-1 और हल्का-2 के कर्मचारी भी मौजूद बताए जा रहे हैं। स्थानीय लोगों का आरोप है कि अंचल कार्यालय में अधिकांश महत्वपूर्ण फाइलों और कार्यों पर बड़ा बाबू का प्रभाव रहता है तथा उनकी सहमति के बिना आम लोगों का काम आगे नहीं बढ़ता। ऐसे में सार्वजनिक स्थान पर कथित रूप से शराब पीते हुए सामने आई तस्वीरों ने कार्यालय की कार्यप्रणाली और प्रशासनिक अनुशासन पर सवाल खड़े कर दिए हैं। सरकारी कर्मचारियों के लिए लागू झारखंड सरकारी सेवक आचरण नियमावली तथा केंद्रीय सिविल सेवा (आचरण) नियम, 1964 के सिद्धांतों के अनुसार प्रत्येक सरकारी सेवक से अपेक्षा की जाती है कि वह ऐसा कोई आचरण न करे जिससे सरकारी सेवा की गरिमा और जनविश्वास प्रभावित हो या ऐसा आचरण करता है जिससे सरकारी सेवा की छवि धूमिल होती है तो सक्षम प्राधिकारी द्वारा विभागीय जांच एवं अनुशासनात्मक कार्रवाई की जा सकती है। हालांकि यह स्पष्ट करना आवश्यक है कि फिलहाल संबंधित कर्मचारी के विरुद्ध इन आरोपों की आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है और न ही प्रशासन की ओर से इस मामले में कोई आधिकारिक बयान जारी किया गया है। यदि आरोपों की पुष्टि होती है तो यह मामला विभागीय जांच का विषय बन सकता है। स्थानीय लोगों ने पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कर आवश्यक कार्रवाई की मांग की है।