बोकारो में नक्सलियों और पुलिस के बीच मुठभेड़ जारी, अब तक 8 माओवादियों के मारे जाने की सूचना
एक करोड़ के इनामी प्रयाग मांझी उर्फ विवेक समेत कई टॉप नक्सली ढेर

बोकारो : झारखंड के बोकारो जिले में नक्सलियों के खिलाफ सुरक्षा बलों को बड़ी सफलता मिली है। जागेश्वर विहार थाना क्षेत्र के उग्रवाद प्रभावित लुगू पहाड़ की तलहटी में रविवार सुबह से लगातार ढाई घंटे से पुलिस और नक्सलियों के बीच मुठभेड़ जारी है। सूत्रों के मुताबिक रुक-रुक कर फायरिंग हो रही है और स्थिति बेहद तनावपूर्ण बनी हुई है।
अब तक 8 नक्सलियों के मारे जाने की सूचना
सूत्रों के अनुसार इस मुठभेड़ में माओवादी संगठन को अब तक का सबसे बड़ा झटका लगा है। एक करोड़ के इनामी और सेंट्रल कमिटी मेंबर प्रयाग मांझी उर्फ विवेक, अरविंद यादव, साहेब राम मांझी समेत कुल 8 नक्सलियों के मारे जाने की सूचना है। हालांकि पुलिस की ओर से अभी तक आधिकारिक पुष्टि नहीं की गई है।
नक्सलियों का गढ़ रहा है लुगू और झुमरा पहाड़
बोकारो जिले का लुगू पहाड़ और झुमरा पहाड़ लंबे समय से नक्सलियों का ठिकाना रहा है। यहां माओवादी गतिविधियां अक्सर देखी जाती हैं। पुलिस व सुरक्षा बलों ने इलाके में सघन सर्च ऑपरेशन चलाया है और मुठभेड़ में कई अत्याधुनिक हथियार और दस्तावेज भी बरामद होने की संभावना है।
बोकारो पुलिस की बड़ी सफलता
यह मुठभेड़ बोकारो पुलिस और सुरक्षा एजेंसियों के लिए एक बड़ी उपलब्धि मानी जा रही है। नक्सल प्रभावित इलाकों में लगातार ऑपरेशनों के माध्यम से माओवादियों के नेटवर्क को कमजोर करने की रणनीति पर काम किया जा रहा है। इस कार्रवाई से नक्सलियों को झारखंड में एक बड़ा झटका लगा है। फिलहाल सुरक्षा बल पूरे क्षेत्र को घेरे में लेकर सर्च ऑपरेशन जारी रखे हुए हैं। पुलिस के उच्च अधिकारी भी मौके की निगरानी कर रहे हैं। जल्द ही इस ऑपरेशन को लेकर औपचारिक प्रेस वार्ता की संभावना जताई जा रही है।