आदित्यपुर औद्योगिक क्षेत्र में फिर शुरू हुआ अतिक्रमण हटाओ अभियान, 200 से अधिक अवैध दुकानों को हटाने की तैयारी
टुसू पर्व के दौरान रोका गया था अभियान, प्रशासन की सख्ती जारी

सरायकेला : आदित्यपुर औद्योगिक क्षेत्र में ज़ियाड़ा (झारखंड औद्योगिक क्षेत्र विकास प्राधिकरण) द्वारा लगभग 15 दिनों बाद पुनः अतिक्रमण हटाओ अभियान शुरू किया गया। बुधवार को यह अभियान फेज-7, एपेक्स ऑटो के पास से शुरू हुआ, जिसमें ज़ियाड़ा के पदाधिकारी शनि तिर्की और पुलिस बल मौजूद रहे। अभियान का नेतृत्व कर रहे ज़ियाड़ा के पदाधिकारी शनि तिर्की ने बताया कि पहले स्थानीय व्यापारियों को मोहलत दी गई थी, लेकिन अब सख्ती से 200 से अधिक अवैध रूप से सड़क किनारे बने दुकान-होटलों को हटाया जाएगा। गौरतलब है कि टुसू पर्व के दौरान स्थानीय लोगों और संगठनों के विरोध के कारण अभियान को रोक दिया गया था। अब इसे दोबारा तेजी से शुरू किया गया है। ज़ियाड़ा ने स्पष्ट किया कि औद्योगिक क्षेत्र में अवैध अतिक्रमण को किसी भी सूरत में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा और यह अभियान लगातार जारी रहेगा।