गुमला हॉकी मैदान निर्माण में फर्जीवाड़ा: विधायक भूषण तिर्की ने रांची के संवेदक पर लगाया जाली सर्टिफिकेट का आरोप
विधानसभा में चतरा डीसी से जांच की मांग

चैनपुर: गुमला विधानसभा क्षेत्र के अंतर्गत स्वामी विवेकानंद स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स में बन रहे हॉकी मैदान के निर्माण कार्य में बड़ी अनियमितता और जालसाजी का मामला सामने आया है। झारखंड विधानसभा की शून्यकाल समिति के सभापति और क्षेत्रीय विधायक भूषण तिर्की ने इस गंभीर विषय को सदन के पटल पर रखते हुए निर्माण कार्य की गुणवत्ता और संवेदक के दस्तावेजों पर कड़े सवाल खड़े किए हैं। विधायक भूषण तिर्की ने विधानसभा अध्यक्ष को सौंपे गए पत्र में उल्लेख किया है कि रांची के संवेदक एम सी जैन द्वारा गुमला शहरी क्षेत्र में कराए जा रहे हॉकी मैदान का निर्माण कार्य अत्यंत ही निम्न स्तर का है। मामले में सबसे बड़ा खुलासा संवेदक द्वारा निविदा यानी टेंडर प्राप्त करने के लिए जमा किए गए कार्य अनुभव प्रमाण पत्र को लेकर हुआ है। विधायक का दावा है कि संवेदक ने चतरा जिले से निर्गत जिस अनुभव प्रमाण पत्र का उपयोग किया है वह पूरी तरह से संदेहास्पद और फर्जी प्रतीत होता है। इस भ्रष्टाचार और फर्जीवाड़े की आशंका को देखते हुए विधायक ने सदन के माध्यम से सरकार से इस मामले में तत्काल हस्तक्षेप करने की मांग की है। उन्होंने स्पष्ट रूप से कहा है कि सरकार चतरा उपायुक्त से उस कार्य अनुभव प्रमाण पत्र की गहन जांच कराए और जांच के दौरान यदि वह प्रमाण पत्र जाली पाया जाता है तो संबंधित संवेदक पर कड़ी से कड़ी कानूनी कार्रवाई सुनिश्चित की जाए। इस पत्र के सार्वजनिक होने के बाद से ही प्रशासनिक गलियारों में हड़कंप मच गया है।