आजसू की सभी प्रखंड कमेटियां भंग, टोरी रेल ओवरब्रिज के लिए 28 अक्टूबर को मालवाहक ट्रेनों का चक्का जाम
जिलाध्यक्ष अमित पाण्डेय ने बताया कि नवंबर से सभी प्रखंडों में विशेष सम्मेलन आयोजित किए जाएंगे।

लातेहार। आजसू पार्टी की गुरुवार को जिला मुख्यालय स्थित पार्टी कार्यालय में जिलाध्यक्ष अमित पाण्डेय की अध्यक्षता में महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक में संगठन को बूथ स्तर तक मजबूत करने और आगामी आंदोलन की रणनीति पर विस्तार से चर्चा की गई।बैठक में सर्वसम्मति से जिले की सभी वर्तमान प्रखंड कमेटियों को तत्काल प्रभाव से भंग करने का निर्णय लिया गया।
जिलाध्यक्ष अमित पाण्डेय ने बताया कि नवंबर से सभी प्रखंडों में विशेष सम्मेलन आयोजित किए जाएंगे। इसके बाद नए सिरे से प्रखंड कमेटियों का गठन एवं विस्तार किया जाएगा।बैठक में टोरी रेल ओवरब्रिज निर्माण की लंबे समय से चली आ रही मांग को लेकर 28 अक्टूबर को मालवाहक ट्रेनों का चक्का जाम करने का निर्णय लिया गया। आंदोलन को सफल बनाने के लिए शुक्रवार से क्षेत्र में व्यापक जनसंपर्क अभियान चलाया जाएगा।
पार्टी ने आम नागरिकों, व्यवसायियों और युवाओं से आंदोलन में शामिल होने की अपील की है।जिलाध्यक्ष अमित पाण्डेय ने कहा कि टोरी रेल ओवरब्रिज की मांग लंबे समय से लंबित है। उन्होंने कहा कि जनहित और लातेहार के विकास के मुद्दे पर पार्टी पीछे नहीं हटेगी।बैठक में आजसू श्रमिक संघ जिलाध्यक्ष बीरेन्द्र ठाकुर, जिला महासचिव बिनोद प्रसाद सिंह, बिटु दास, सद्दाम अंसारी, अमर उरांव, आशीष कुमार, शंकर उरांव, मुकेश यादव, विवेक कुमार दुबे, शुभम कुमार सिंह, प्रदीप कुमार, सुदेश्वर सिंह धुर, संदीप भगत, पंकज लोहार, उज्जवल गुप्ता, रितेश कुमार यादव, विकास कुमार, नीरज कुमार व सत्येंद्र भगत समेत दर्जनों कार्यकर्ता उपस्थित थे।