गोल्ड मेडलिस्ट श्रेया अधरजी ने पूर्व केंद्रीय मंत्री अर्जुन मुंडा से की शिष्टाचार मुलाकात
मिस इंडिया 2026 खिताब जीतने पर मिली बधाई, युवा खिलाड़ी को भविष्य के लिए शुभकामनाएं

जमशेदपुर : सोनारी की प्रतिभाशाली खिलाड़ी और गोल्ड मेडलिस्ट श्रेया अधरजी ने सोमवार को झारखंड के पूर्व केंद्रीय मंत्री अर्जुन मुंडा से उनके घोड़ाबांधा स्थित आवास पर शिष्टाचार मुलाकात की। हाल ही में राष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिता में शानदार प्रदर्शन कर मिस इंडिया 2026 का खिताब जीतने के बाद यह मुलाकात चर्चा का विषय बनी रही। मुलाकात के दौरान श्रेया अधरजी ने उत्तर प्रदेश के लखनऊ-बाराबंकी में इंडियन फिटनेस एंड बॉडीबिल्डिंग फाउंडेशन द्वारा आयोजित राष्ट्रीय प्रतियोगिता में गोल्ड मेडल जीतने और मिस इंडिया 2026 का खिताब अपने नाम करने की जानकारी पूर्व मुख्यमंत्री को दी। उन्होंने उड़ीसा के पुरी तथा असम-सिक्किम में आयोजित राष्ट्रीय और राज्य स्तरीय प्रतियोगिताओं में अपनी भागीदारी और उपलब्धियों के बारे में भी विस्तार से बताया। श्रेया की उपलब्धियों को सुनकर अर्जुन मुंडा ने उनकी मेहनत, समर्पण और संघर्ष की सराहना की। पूर्व केंद्रीय मंत्री अर्जुन मुंडा ने श्रेया को शानदार प्रदर्शन के लिए बधाई देते हुए कहा कि झारखंड की बेटियां आज राष्ट्रीय स्तर पर अपनी प्रतिभा का परचम लहरा रही हैं। उन्होंने श्रेया के उज्ज्वल भविष्य की कामना करते हुए कहा कि ऐसे युवा खिलाड़ी राज्य के लिए प्रेरणा हैं। इस अवसर पर श्रेया के पिता अभिजीत अधरजी भी उपस्थित रहे।