ताज़ा-ख़बर

उपायुक्त के औचक निरीक्षण के बाद हरकत में स्वास्थ्य विभाग, गम्हरिया सीएचसी पहुंचे सिविल सर्जन

रिपोर्ट: MANISH 7 घंटे पहलेझारखण्ड

गम्हरिया सीएचसी की व्यवस्थाओं में जल्द होगा सुधार, हंस फाउंडेशन के सहयोग से सिजेरियन सेवा शुरू करने की तैयारी

उपायुक्त के औचक निरीक्षण के बाद हरकत में स्वास्थ्य विभाग, गम्हरिया सीएचसी पहुंचे सिविल सर्जन

गम्हरिया : उपायुक्त नीतीश कुमार सिंह द्वारा दो दिन पूर्व गम्हरिया सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) के औचक निरीक्षण में सामने आई खामियों के बाद स्वास्थ्य विभाग सक्रिय हो गया है। उपायुक्त के निर्देश पर शुक्रवार देर शाम सरायकेला के सिविल सर्जन डॉ. सरयू प्रसाद सिंह ने गम्हरिया सीएचसी का विस्तृत निरीक्षण कर अस्पताल की व्यवस्थाओं का जायजा लिया। निरीक्षण के बाद पत्रकारों से बातचीत में सिविल सर्जन ने बताया कि उपायुक्त के निर्देशों के आलोक में अस्पताल की सभी व्यवस्थाओं की समीक्षा की गई है। उन्होंने स्वीकार किया कि अस्पताल में कुछ कमियां मिली हैं लेकिन स्वास्थ्य विभाग उन्हें दूर करने के लिए लगातार कार्य कर रहा है। उन्होंने भरोसा दिलाया कि जल्द ही अस्पताल की स्वास्थ्य सेवाओं में उल्लेखनीय सुधार देखने को मिलेगा। अस्पताल में मरीजों के कम भर्ती होने के संबंध में पूछे गए सवाल पर उन्होंने कहा कि अधिकांश मरीजों के घर अस्पताल के निकट होने के कारण वे उपचार के बाद वापस घर चले जाते हैं। हालांकि, अस्पताल में ओपीडी सेवाएं एवं सामान्य प्रसव की सुविधा नियमित रूप से संचालित हो रही है। सिविल सर्जन ने बताया कि अस्पताल की चिकित्सा सुविधाओं को और बेहतर बनाने के लिए हंस फाउंडेशन के साथ एमओयू करने की प्रक्रिया चल रही है। इसके तहत अस्पताल में निःशुल्क स्त्री रोग विशेषज्ञ तथा एनेस्थीसिया विशेषज्ञ की सेवाएं उपलब्ध कराने की योजना है। उन्होंने कहा कि सिजेरियन ऑपरेशन की सुविधा शुरू होने से न केवल मरीजों को स्थानीय स्तर पर बेहतर उपचार मिलेगा, बल्कि आयुष्मान भारत योजना के अंतर्गत अस्पताल के राजस्व में भी वृद्धि होगी और मरीजों को दूसरे अस्पतालों का रुख नहीं करना पड़ेगा।

इन्हें भी पढ़ें.