यमुना एक्सप्रेस-वे पर भीषण हादसा, छह यात्रियों की मौत, एक गंभीर घायल
ग्रीन जोन में बस रोकने से हादसा, सीएम योगी ने लिया संज्ञान, राहत कार्य के निर्देश

मथुरा : उत्तर प्रदेश के मथुरा जिले में यमुना एक्सप्रेस-वे पर शनिवार तड़के एक दर्दनाक सड़क हादसे में छह यात्रियों की मौके पर ही मौत हो गई जबकि एक यात्री गंभीर रूप से घायल हो गया। यह हादसा थाना सुरीर क्षेत्र अंतर्गत माइल स्टोन 88 के पास सुबह करीब पौने तीन बजे हुआ। जानकारी के अनुसार दिल्ली के नांगलोई से कानपुर के रसूलाबाद जा रही एक निजी बस के यात्रियों ने लघुशंका के लिए चालक से बस रोकने को कहा। चालक ने ग्रीन जोन में बस न रोकते हुए एक्सप्रेस-वे पर ही बस खड़ी कर दी। इसी दौरान बस से उतरकर सड़क किनारे खड़े यात्री लघुशंका कर रहे थे तभी पीछे से आ रहे तेज रफ्तार कंटेनर ने पहले बस को टक्कर मारी और फिर सड़क किनारे खड़े यात्रियों को कुचल दिया। हादसे में औरैया जिले के सरवा कटरा निवासी सोनू, बस्ती जिले के अलेवल निवासी देवेश, कन्नौज के गणेश का पुरवा निवासी असलम, दिल्ली के प्रेम नगर निवासी संतोष सहित दो अन्य अज्ञात यात्रियों की मौके पर ही मौत हो गई। वहीं औरैया के बेला निवासी अमर दुबे गंभीर रूप से घायल हो गए जिन्हें अस्पताल में भर्ती कराया गया है। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने हादसे का संज्ञान लेते हुए मृतकों के परिजनों के प्रति संवेदना व्यक्त की है और अधिकारियों को तत्काल मौके पर पहुंचकर राहत कार्य तेज करने के निर्देश दिए हैं। थाना प्रभारी सुरीर अजय कुमार ने बताया कि कंटेनर चालक की तलाश जारी है।