साली से अवैध संबंध के चलते पति ने रचाई पत्नी की हत्या की साजिश, पति समेत चार गिरफ्तार
एसएसपी आशीष भारती ने कहा कि हत्या को लूटपाट का रूप देने की कोशिश की गई थी।

गया : जिले में महिला की हत्या के मामले में पुलिस ने चौंकाने वाला खुलासा किया है। एसएसपी आशीष भारती ने बताया कि महिला की हत्या का मास्टरमाइंड उसका पति ही निकला। अवैध संबंधों के चलते पति ने पत्नी को मरवाने की साजिश रची। मामले में चार अपराधियों को गिरफ्तार किया गया है। यह मामला 10 दिसंबर की रात का है, जब दंपति बाजार से लौटते वक्त बाइक पर सवार थे। तभी कुछ अपराधियों ने उन्हें घेर लिया और लूटपाट का नाटक किया। विरोध करने पर महिला को गोली मार दी गई। पुलिस जांच के दौरान सबसे पहले शक मृतका के पति पंकज कुमार पर गया। गिरफ्तार कर कड़ाई से पूछताछ करने पर उसने पत्नी की हत्या का जुर्म कबूल किया। पंकज ने बताया कि उसका अपनी साली के साथ अवैध संबंध था, जिसे लेकर वह अपनी पत्नी से छुटकारा पाना चाहता था। पंकज की निशानदेही पर औरंगाबाद से आकाश कुमार नामक अपराधी को गिरफ्तार किया गया। उसके पास से एक देसी पिस्तौल और दो जिंदा कारतूस बरामद हुए। इसके अलावा घटना में शामिल दो अन्य अपराधियों को भी गिरफ्तार कर लिया गया है। एसएसपी आशीष भारती ने कहा कि हत्या को लूटपाट का रूप देने की कोशिश की गई थी। मामले में शामिल सभी आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया है, और मामले की गहन जांच जारी है। इस खुलासे से इलाके में सनसनी फैल गई है। पुलिस की सक्रियता से हत्या के पीछे की साजिश का पर्दाफाश हो सका।