झारखंड ई-शिक्षा महोत्सव 2025 में पत्रकार की पुत्री दिव्य रत्न ने जिला व प्रखंड स्तर पर रचा इतिहास, आईसीटी चैंपियनशिप में पहला स्थान
वरिष्ठ पत्रकार डॉ. राजेश कुमार लाल दास की पुत्री दिव्य रत्न की दोहरी उपलब्धि, शिक्षा और संगीत दोनों में चमका नाम

जमशेदपुर : पूर्वी सिंहभूम जिला मुख्यालय में शनिवार को आयोजित सम्मान समारोह में सीएम स्कूल फॉर एक्सीलेंस, साकची की 11वीं कक्षा की छात्रा दिव्य रत्न को झारखंड ई-शिक्षा महोत्सव 2025 की राज्य स्तरीय आईसीटी चैंपियनशिप के अंतर्गत जिला स्तर पर प्रथम पुरस्कार से सम्मानित किया गया। उपायुक्त कर्ण सत्यार्थी ने उन्हें स्वर्ण पदक, स्मार्ट वॉच और प्रमाण पत्र प्रदान कर सम्मानित किया। इसके अलावा शिक्षा विभाग कार्यालय में आयोजित प्रखंड स्तरीय समारोह में भी दिव्य रत्न ने पहला स्थान हासिल किया जहां उन्हें रजत पदक, स्कूल बैग और प्रमाण पत्र प्रदान किया गया। राज्य स्तरीय आईसीटी चैंपियनशिप का अंतिम परिणाम अभी आना बाकी है जबकि स्कूल स्तर पर प्रथम स्थान के लिए कांस्य पदक और प्रमाण पत्र मिलना शेष है। गौरतलब है कि इससे पूर्व दिव्य रत्न जिला स्तरीय कला उत्सव में संगीत (एकल गायन) प्रतियोगिता में भी प्रथम पुरस्कार प्राप्त कर चुकी हैं। सीएम स्कूल फॉर एक्सीलेंस की प्राचार्या मंजू सिन्हा ने छात्रा की सराहना करते हुए राज्य स्तर पर भी शीर्ष स्थान की शुभकामनाएं दीं। कंप्यूटर शिक्षक ऋषिकेश कुमार पाठक ने कहा कि दिव्य रत्न न केवल आईसीटी और पढ़ाई में उत्कृष्ट हैं बल्कि संगीत के क्षेत्र में भी निरंतर प्रगति कर रही हैं। उल्लेखनीय है कि दिव्य रत्न, डॉ. राजेश कुमार लाल दास (संवाददाता) एवं कुमारी किरण की पुत्री हैं और आकाशवाणी व दूरदर्शन की कलाकार के रूप में भी अपनी पहचान बना चुकी हैं। उनकी इस सफलता से जिले में गौरव का माहौल है।