ताज़ा-ख़बर

ट्रिपल लोडिंग और स्टंटबाजी पर कपाली पुलिस का शिकंजा, चार नाबालिग स्टंटबाज पर 32 हजार का जुर्माना

रिपोर्ट: MANISH 2 घंटे पहलेझारखण्ड

कपाली ओपी प्रभारी धिरंजन कुमार की बड़ी कार्रवाई, पकड़े गए चार नाबालिग स्टंटबाज - बिना लाइसेंस, बिना हेलमेट और ट्रिपल लोडिंग पर 32 हजार का जुर्माना, रमजान में शांति-सुरक्षा की अपील

ट्रिपल लोडिंग और स्टंटबाजी पर कपाली पुलिस का शिकंजा, चार नाबालिग स्टंटबाज पर 32 हजार का जुर्माना

कपाली : रमजान माह के दौरान सुरक्षा और कानून व्यवस्था को लेकर कपाली ओपी प्रभारी धिरंजन कुमार ने सख्त रुख अपनाया है। सोमवार को करीब 1:30 बजे कपाली ओपी के समीप एक स्कूटी पर सवार चार नाबालिग युवकों को रोककर जांच की गई। जांच के दौरान पाया गया कि चारों के पास न तो वैध ड्राइविंग लाइसेंस था और न ही हेलमेट। साथ ही वाहन पर ट्रिपल लोडिंग की जा रही थी। मामले को गंभीरता से लेते हुए पुलिस ने स्कूटी जब्त कर ली और मोटर वाहन अधिनियम के तहत कुल 32,000 रुपये का जुर्माना लगाया। सभी युवक जाकिरनगर और आजादनगर क्षेत्र के निवासी बताए जा रहे हैं। ओपी प्रभारी धिरंजन कुमार ने कहा कि रमजान जैसे पवित्र महीने में युवाओं को संयम और अनुशासन का परिचय देना चाहिए। सड़क पर स्टंटबाजी, बिना लाइसेंस वाहन चलाना और हेलमेट न पहनना न सिर्फ कानून का उल्लंघन है बल्कि अपनी और दूसरों की जान को जोखिम में डालना भी है। उन्होंने अभिभावकों से अपील की कि वे अपने नाबालिग बच्चों को वाहन न दें और उन्हें यातायात नियमों के प्रति जागरूक करें। साथ ही आम जनता से भी रमजान के दौरान शांति, भाईचारा और कानून पालन की अपील की गई है।

इन्हें भी पढ़ें.