SIR जांच में फर्जी जाति-निवास प्रमाण पत्र का खुलासा, चार के खिलाफ प्राथमिकी का निर्देश
मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी के. रवि कुमार ने बरहरवा में स्थल जांच कर अधिकारियों को दिए सख्त निर्देश

साहिबगंज : निर्वाचन आयोग की ओर से चलाए जा रहे SIR (Special Intensive Revision) अभियान के दौरान साहिबगंज जिले में फर्जी जाति एवं निवास प्रमाण पत्र से जुड़ा मामला सामने आया है। मामले की गंभीरता को देखते हुए झारखंड के मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी के. रवि कुमार ने चार लोगों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कराने का निर्देश दिया है। जानकारी के अनुसार मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी के. रवि कुमार SIR प्रक्रिया के तहत साहिबगंज के बरहरवा प्रखंड क्षेत्र में स्थल जांच के लिए पहुंचे थे। जांच के दौरान फर्जी जाति-निवास प्रमाण पत्र तैयार किए जाने का मामला सामने आया। इसके बाद उन्होंने संबंधित अधिकारियों को मामले में त्वरित कार्रवाई करते हुए फर्जी प्रमाण पत्र बनाने में शामिल लोगों सहित चार के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कराने का निर्देश दिया। मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी ने पूरे मामले को गंभीरता से लेते हुए अधिकारियों को निर्वाचन संबंधी प्रक्रिया में किसी भी प्रकार की अनियमितता को बर्दाश्त नहीं करने की हिदायत दी। उन्होंने SIR प्रक्रिया को पूरी तरह पारदर्शी और निष्पक्ष तरीके से संचालित करने का निर्देश दिया। साहिबगंज जिले में बांग्लादेशी घुसपैठ को लेकर पूर्व से उठते रहे सवालों के बीच फर्जी जाति एवं निवास प्रमाण पत्र का मामला सामने आने से प्रशासनिक स्तर पर भी इसे महत्वपूर्ण माना जा रहा है। हालांकि इस मामले में प्रमाण पत्रों की वास्तविकता और उससे जुड़े अन्य तथ्यों की जांच की जा रही है। मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी ने अधिकारियों को दस्तावेजों की जांच में विशेष सतर्कता बरतने तथा किसी भी संदिग्ध मामले में नियमानुसार तत्काल कार्रवाई सुनिश्चित करने का निर्देश दिया।