22 स्वर्ण के साथ झारखंड बना ओवरऑल चैंपियन, कराटे खिलाड़ियों का दमदार प्रदर्शन
रांची के खिलाड़ियों ने जीते 6 स्वर्ण समेत 11 पदक, 4 साल की अदिति ने रजत जीतकर खोला खाता

रांची। जमशेदपुर के तुलसी भवन में शोतोकान शीगोकाई कराटे-डू इंडिया के तत्वावधान में आयोजित ऑल इंडिया शोतोकान शीगोकाई ओपन कराटे चैंपियनशिप का समापन हो गया। प्रतियोगिता में झारखंड के खिलाड़ियों ने शानदार प्रदर्शन करते हुए 22 स्वर्ण पदक जीतकर ओवरऑल चैंपियन का खिताब अपने नाम किया। दूसरे स्थान पर बंगाल की टीम रही।
झारखंड टीम की ओर से रांची की सबसे जूनियर खिलाड़ी, चार वर्षीय अदिति आरोही ने कुमिते और काता दोनों स्पर्धाओं में रजत पदक जीतकर राज्य का खाता खोला। इसके बाद अन्य खिलाड़ियों ने भी बेहतरीन प्रदर्शन करते हुए पदकों की झड़ी लगा दी।
रांची के आदित राज ने दो स्वर्ण और एक रजत पदक जीते। वहीं, मिस्टी कुमारी ने अपनी दोनों स्पर्धाओं में दो स्वर्ण पदक हासिल किए। 18 वर्ष से अधिक आयु वर्ग में चंदा कुमारी ने भी दो स्वर्ण पदक अपने नाम किए। इसके अलावा अनाया मृणालिनी कुजूर ने दो कांस्य पदक जीतकर टीम की सफलता में महत्वपूर्ण योगदान दिया।
प्रतियोगिता के दौरान पदक विजेताओं को कराटे इंडिया ऑर्गनाइजेशन के ट्राइबल एवं माइनॉरिटी डेवलपमेंट कमीशन के चेयरमैन रेंशी सुनील किस्पोट्टा तथा शोतोकान शीगोकाई के मुख्य प्रशिक्षक शिहान शेखर गोस्वामी ने पदक पहनाकर सम्मानित किया।
रेंशी सुनील किस्पोट्टा ने खिलाड़ियों को संबोधित करते हुए कहा कि राज्य के कराटे खिलाड़ियों में प्रतिभा की कोई कमी नहीं है, जरूरत केवल उसे सही दिशा में निखारने की है। उन्होंने कहा कि झारखंड के खिलाड़ी अब राष्ट्रीय ही नहीं, बल्कि अंतरराष्ट्रीय स्तर पर भी देश का नाम रोशन कर रहे हैं।
प्रतियोगिता के सफल आयोजन में शिहान सी. ए. खान, अभिषेक गोस्वामी, अंकित गोस्वामी, शालिनी गोस्वामी, संतोष गोस्वामी, आनंद गोस्वामी, गुलजार राजा, प्रकाश कुमार, राज कुमार सहित अन्य का महत्वपूर्ण योगदान रहा।
रांची लौटने पर खिलाड़ियों का इंटरनेशनल मार्शल आर्ट एकेडमी के अध्यक्ष सेंसाई अनिल किस्पोट्टा, राकेश तिर्की, कुंदन उरांव, उमा शंकर महतो समेत अन्य लोगों ने फूल-मालाओं के साथ जोरदार स्वागत किया।