झारखंड: नाबालिग बालिका हत्याकांड पर राष्ट्रीय महिला आयोग सख्त, गठित की जांच समिति
जांच समिति 2 अप्रैल को घटनास्थल पर दौरा करेगी; दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश

नई दिल्ली। हजारीबाग जिले में 12 वर्षीय बालिका के साथ हुए जघन्य अपराध के मामले पर राष्ट्रीय महिला आयोग ने स्वतः संज्ञान लिया है। बालिका का शव 25 मार्च को संदिग्ध परिस्थितियों में मिला था, जिसमें अत्यधिक क्रूरता के संकेत सामने आए।
अध्यक्ष विजया रहाटकर ने तीन सदस्यीय जांच समिति का गठन किया है, जिसमें ममता कुमारी (पूर्व सदस्य), मनमोहन वर्मा (विधि अधिकारी) और कंचन खट्टर (वरिष्ठ समन्वयक) शामिल हैं। समिति 2 अप्रैल को घटनास्थल का दौरा कर जांच करेगी और संबंधित अधिकारियों से बातचीत कर रिपोर्ट तैयार करेगी।
रहाटकर ने राज्य प्रशासन और पुलिस को त्वरित, निष्पक्ष और प्रभावी कार्रवाई सुनिश्चित करने का निर्देश दिया है। आयोग ने कहा है कि दोषियों को किसी भी स्थिति में बख्शा नहीं जाएगा और ऐसे अपराधों की पुनरावृत्ति रोकने के लिए ठोस उपाय किए जाएँगे।
जांच समिति अपनी रिपोर्ट 10 कार्य दिवसों के भीतर आयोग को प्रस्तुत करेगी, जिसके आधार पर आगे की कार्रवाई तय की जाएगी।