झारखंड प्रहरी परिवार पर टूटा दुखों का पहाड़, वरीय संवाददाता की पुत्री पल्लवी का निधन
17 वर्षीय पल्लवी कुमारी के असामयिक निधन से चतरा में शोक की लहर, अस्पताल में ली अंतिम सांस

चतरा : झारखंड प्रहरी संस्थान के वरीय संवाददाता (सिमरिया-टंडवा) सुबोध कुमार के परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। उनकी 17 वर्षीय सुपुत्री पल्लवी कुमारी का गुरुवार 30 अप्रैल 2026 की रात्रि लगभग 1:30 बजे आकस्मिक निधन हो गया। जानकारी के अनुसार पल्लवी पिछले 9 दिनों से रांची के एक अस्पताल में भर्ती थीं जहां उनका इलाज चल रहा था। बुधवार देर रात अचानक उनकी तबीयत अधिक बिगड़ गई जिसके बाद चिकित्सकों के प्रयासों के बावजूद उन्हें बचाया नहीं जा सका। रात्रि में उन्होंने अंतिम सांस ली। पल्लवी के असामयिक निधन की खबर मिलते ही परिवार, रिश्तेदारों और पूरे गांव में शोक की लहर दौड़ गई। कम उम्र में इस तरह के निधन से हर कोई स्तब्ध है। स्थानीय लोगों ने इसे अत्यंत दुखद और अपूरणीय क्षति बताया है। झारखंड प्रहरी संस्थान के सभी सदस्यों ने गहरा शोक व्यक्त करते हुए दिवंगत आत्मा की शांति के लिए प्रार्थना की है। संस्थान की ओर से शोकाकुल परिवार के प्रति संवेदना व्यक्त करते हुए ईश्वर से इस कठिन समय को सहने की शक्ति प्रदान करने की कामना की गई। ॐ शांति, शांति, शांति के साथ पल्लवी कुमारी को विनम्र श्रद्धांजलि अर्पित की गई।