ताज़ा-ख़बर

एसपी निधि द्विवेदी के रवैये के विरोध में पत्रकारों ने प्रेस कॉन्फ्रेंस का किया बहिष्कार

रिपोर्ट: MANISH 7 घंटे पहलेझारखण्ड

एक घंटा इंतजार, न संवाद न सम्मान - नाराज पत्रकार पुलिस मुख्यालय से लौटे

एसपी निधि द्विवेदी के रवैये के विरोध में पत्रकारों ने प्रेस कॉन्फ्रेंस का किया बहिष्कार

सरायकेला-खरसावां : जिले के इतिहास में पहली बार किसी पुलिस अधीक्षक (एसपी) की प्रेस कॉन्फ्रेंस का पत्रकारों द्वारा बहिष्कार किए जाने का मामला सामने आया है। जिले की नई एसपी निधि द्विवेदी की कार्यशैली और संवादहीन रवैये के विरोध में सोमवार को पत्रकारों ने खुलकर नाराजगी जाहिर की और पुलिस मुख्यालय से बाहर निकल गए। जानकारी के अनुसार एसपी निधि द्विवेदी ने दोपहर एक बजे प्रेस कॉन्फ्रेंस के लिए पत्रकारों को आमंत्रित किया था। सूचना मिलते ही जिले के विभिन्न प्रखंडों और दूर-दराज क्षेत्रों से पत्रकार चिलचिलाती धूप में पुलिस मुख्यालय पहुंचे। निर्धारित समय पर सभी पत्रकार मौजूद थे लेकिन करीब एक घंटा बीत जाने के बाद भी प्रेस कॉन्फ्रेंस शुरू नहीं हुई। न तो एसपी की ओर से किसी प्रकार की सूचना साझा की गई और न ही देरी के लिए कोई औपचारिक खेद जताया गया। बताया जाता है कि एसपी स्वयं करीब पौने एक बजे पुलिस मुख्यालय पहुंचीं लेकिन प्रेस कॉन्फ्रेंस शुरू करने के बजाय अपने मातहत अधिकारियों के साथ फाइलों में व्यस्त रहीं। इस दौरान पत्रकारों के साथ किसी प्रकार का संवाद स्थापित नहीं किया गया। यहां तक कि दूर-दराज से आए पत्रकारों को पानी तक नहीं पूछा गया जिससे नाराजगी और बढ़ गई। पत्रकारों का कहना है कि पूर्व में भी प्रेस कॉन्फ्रेंस में विलंब होता रहा है लेकिन पूर्व के एसपी पत्रकारों के साथ बैठकर चर्चा-परिचर्चा कर समय बिताया करते थे और सम्मानजनक व्यवहार बनाए रखते थे। इस बार संवादहीनता और उपेक्षा ने पत्रकारों को विरोध के लिए मजबूर कर दिया। हालांकि पत्रकारों ने प्रेस कॉन्फ्रेंस का बहिष्कार कर दिया फिर भी अपनी पेशेवर जिम्मेदारी निभाते हुए पुलिस के व्हाट्सएप ग्रुप में साझा प्रेस विज्ञप्ति और फोटो के आधार पर समाचार बनाने से परहेज नहीं किया। उल्लेखनीय है कि एसपी निधि द्विवेदी को पदभार ग्रहण किए लगभग 10 दिन हो चुके हैं लेकिन अब तक वे पत्रकारों और पुलिस के किसी भी व्हाट्सएप ग्रुप से नहीं जुड़ी हैं जो चर्चा का विषय बना हुआ है।

इन्हें भी पढ़ें.