ताज़ा-ख़बर

सीजेआई बनने के बाद पहली बार भोपाल पहुंचे न्यायमूर्ति सूर्यकांत, राष्ट्रीय न्यायिक सम्मेलन में करेंगे मंथन

रिपोर्ट: VBN News Desk17 घंटे पहलेदेश

एकीकृत और जन-केंद्रित न्यायपालिका पर होगा विचार, 25 से अधिक हाईकोर्ट के मुख्य न्यायाधीश होंगे शामिल

सीजेआई बनने के बाद पहली बार भोपाल पहुंचे न्यायमूर्ति सूर्यकांत, राष्ट्रीय न्यायिक सम्मेलन में करेंगे मंथन

भोपाल : उच्चतम न्यायालय के प्रधान न्यायाधीश न्यायमूर्ति सूर्यकांत आज पहली बार सीजेआई बनने के बाद भोपाल दौरे पर आ रहे हैं। राजधानी स्थित नेशनल ज्यूडिशियल एकेडमी में आयोजित दो दिवसीय राष्ट्रीय सम्मेलन में वे देशभर के उच्च न्यायालयों के मुख्य न्यायाधीशों और वरिष्ठ न्यायाधीशों के साथ न्याय व्यवस्था को अधिक प्रभावी, सुलभ और जन-केंद्रित बनाने पर विचार-विमर्श करेंगे। इस राष्ट्रीय सम्मेलन में देश के 25 से अधिक उच्च न्यायालयों के मुख्य न्यायाधीशों के साथ अनेक वरिष्ठ न्यायाधीश भाग ले रहे हैं। लंबे समय बाद इतने बड़े स्तर पर देशभर की न्यायिक नेतृत्व एक मंच पर एकत्र हो रहा है। सम्मेलन की थीम एकीकृत, कुशल और जन-केंद्रित न्यायपालिका रखी गई है जिसके तहत न्याय प्रणाली को आम नागरिकों के लिए सरल, पारदर्शी और समयबद्ध बनाने के उपायों पर चर्चा होगी। सम्मेलन में न्यायमूर्ति सूर्यकांत मुख्य संबोधन देंगे। अपने संबोधन में वे लंबित मामलों के त्वरित निपटारे, तकनीक के प्रभावी उपयोग, ई-कोर्ट प्रणाली तथा आम लोगों की न्याय तक पहुंच को सुदृढ़ करने जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर अपने विचार साझा करेंगे। भोपाल में सीजेआई के आगमन को लेकर प्रशासन ने व्यापक तैयारियां की हैं। एयरपोर्ट से लेकर नेशनल ज्यूडिशियल एकेडमी तक सुरक्षा और प्रोटोकॉल व्यवस्था को लेकर वरिष्ठ प्रशासनिक एवं पुलिस अधिकारियों को विशेष जिम्मेदारी सौंपी गई है। यह दौरा मध्य प्रदेश के लिए न्यायिक दृष्टि से अहम माना जा रहा है।

इन्हें भी पढ़ें.