ताज़ा-ख़बर

पेयजल संकट पर नगर पंचायत अध्यक्ष का बड़ा फैसला, हर महीने होगी पानी की जांच, सुधार के दिए कड़े निर्देश

रिपोर्ट: MANISH 4 दिन पहलेझारखण्ड

मनोज चौधरी का सख्त एक्शन, जलापूर्ति व्यवस्था पर औचक निरीक्षण, कहा: गुणवत्ता से समझौता नहीं

पेयजल संकट पर नगर पंचायत अध्यक्ष का बड़ा फैसला, हर महीने होगी पानी की जांच, सुधार के दिए कड़े निर्देश

सरायकेला : नगर पंचायत क्षेत्र में अनियमित पेयजल आपूर्ति और जल की गुणवत्ता को लेकर मिल रही लगातार शिकायतों पर नगर पंचायत अध्यक्ष मनोज कुमार चौधरी ने सख्त रुख अपनाते हुए बड़ा कदम उठाया है। उन्होंने सोमवार को उपाध्यक्ष अविनाश कवि, वार्ड पार्षद विक्रम मोदक और गौतम नायक के साथ नगर पंचायत कर्मियों की टीम लेकर जल शोधन संयंत्र (वॉटर ट्रीटमेंट प्लांट) का औचक निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने मौके पर ही अधिकारियों को फटकार लगाते हुए व्यवस्था में तत्काल सुधार के निर्देश दिए। निरीक्षण के दौरान जल एवं स्वच्छता विभाग के सिविल और मैकेनिकल इंजीनियर, सहायक अभियंता, सिटी मैनेजर सुमित सुमन, कनीय अभियंता संदीप कुमार समेत अन्य संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे। अध्यक्ष मनोज चौधरी ने जलापूर्ति प्रणाली की बारीकी से समीक्षा करते हुए स्पष्ट कहा कि पेयजल की गुणवत्ता में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिया कि हर महीने नियमित रूप से पानी के नमूने लेकर अधिकृत प्रयोगशाला में जांच कराई जाए। इसमें नदी से प्राप्त कच्चा पानी (रॉ वॉटर), ईएसआर के माध्यम से सप्लाई होने वाला फिल्टर पानी और उपभोक्ताओं के घरों तक पहुंचने वाले पानी के नमूनों को शामिल किया जाए। जांच रिपोर्ट समय पर नगर पंचायत को उपलब्ध कराई जाए ताकि हर स्तर पर गुणवत्ता की निगरानी सुनिश्चित हो सके। मनोज चौधरी ने जलापूर्ति व्यवस्था को तकनीकी रूप से और मजबूत बनाने पर भी जोर दिया। उन्होंने नई मोटर की स्थापना, जुस्को कनेक्शन जोड़ने की संभावनाओं की जांच तथा मोटर रूम को वातानुकूलित करने के लिए शीघ्र तकनीकी रिपोर्ट तैयार करने का निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि आधुनिक तकनीक के इस्तेमाल से ही जलापूर्ति को निर्बाध और प्रभावी बनाया जा सकता है। निरीक्षण के दौरान वॉटर ट्रीटमेंट प्लांट परिसर के बाहर गंदगी पाए जाने पर अध्यक्ष ने नाराजगी जताई और तुरंत साफ-सफाई कराने का आदेश दिया। साथ ही जल निकासी व्यवस्था की खराब स्थिति को देखते हुए कल्वर्ट और नाली निर्माण कार्य को प्राथमिकता के आधार पर जल्द पूरा करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि जल निकासी की समस्या का स्थायी समाधान बेहद जरूरी है ताकि भविष्य में किसी प्रकार की परेशानी न हो। अध्यक्ष मनोज चौधरी ने स्पष्ट शब्दों में कहा कि नगर पंचायत का मुख्य उद्देश्य आम नागरिकों को स्वच्छ, सुरक्षित और नियमित पेयजल उपलब्ध कराना है। इसके लिए लगातार मॉनिटरिंग की जा रही है और यदि किसी भी स्तर पर लापरवाही सामने आती है तो संबंधित अधिकारियों और कर्मियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने आम जनता से भी अपील की कि वे जल संरक्षण और स्वच्छता के प्रति जागरूक रहें तथा पेयजल से जुड़ी किसी भी समस्या की सूचना तुरंत नगर पंचायत को दें ताकि समय पर उसका समाधान किया जा सके। नगर पंचायत अध्यक्ष के इस औचक निरीक्षण और सख्त रुख के बाद क्षेत्र में उम्मीद जताई जा रही है कि जलापूर्ति व्यवस्था में जल्द सुधार देखने को मिलेगा और लोगों को लंबे समय से चली आ रही समस्याओं से राहत मिलेगी।

इन्हें भी पढ़ें.