कोटा में रात का कहर, तीन मंजिला इमारत ढही, कोचिंग छात्र समेत दो की मौत, 13 घायल
मलबे से उठती चीखें और टूटी ज़िंदगियां, कोटा हादसे में 13 घायल

कोटा : शनिवार रात कोटा शहर के तलवंडी इलाके में शनिवार देर रात एक दिल दहला देने वाला हादसा हो गया, जब एक तीन मंजिला इमारत अचानक भरभराकर ढह गई। हादसे के वक्त इमारत के भीतर रेस्टोरेंट चल रहा था जहां कर्मचारी और ग्राहक मौजूद थे। अचानक हुए इस हादसे में एक कोचिंग छात्र समेत दो लोगों की मौके पर ही मौत हो गई जबकि 13 लोग घायल हो गए। हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस, प्रशासन और एसडीआरएफ की टीमें मौके पर पहुंचीं। मलबे में दबे लोग मदद के लिए चीखते रहे। कहीं से हाथ बाहर दिख रहा था तो कहीं पैर। करीब तीन घंटे तक चले रेस्क्यू ऑपरेशन में फंसे लोगों को एक-एक कर बाहर निकाला गया। मृतकों में पश्चिम बंगाल निवासी 20 वर्षीय कोचिंग छात्र आर्यन और एक 15 वर्षीय बच्चा शामिल है। घायलों में रेस्टोरेंट मालिक भी है जिनके दोनों पैर कटने की सूचना है। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार हादसे से पहले तेज धमाके जैसी आवाज आई। प्रशासन ने जांच के आदेश दे दिए हैं। हादसे के बाद इलाके में मातम और दहशत का माहौल है।