ताज़ा-ख़बर

एनएच-33 पर रात्रि गश्ती के दौरान भीषण सड़क हादसा

रिपोर्ट: Anuj sinha1 दिन पहलेझारखण्ड

अनियंत्रित ट्रक की टक्कर से एक ट्रैफिक पुलिसकर्मी की मौत, दूसरा गंभीर रूप से घायल.

एनएच-33 पर रात्रि गश्ती के दौरान भीषण सड़क हादसा

हजारीबाग के नगवा टोल प्लाजा के पास हुआ हादसा, फरार ट्रक चालक की तलाश में जुटी पुलिस.

हजारीबाग

जिले में शुक्रवार देर रात राष्ट्रीय राजमार्ग संख्या-33 पर एक दर्दनाक सड़क हादसे में एक ट्रैफिक पुलिसकर्मी की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दूसरा पुलिसकर्मी गंभीर रूप से घायल हो गया। यह हादसा कोर्रा थाना क्षेत्र के अंतर्गत आने वाले नगवा टोल प्लाजा के समीप हुआ, जब दोनों जवान रात्रि गश्त के दौरान मोटरसाइकिल पर सवार होकर क्षेत्र में निगरानी कर रहे थे। प्राप्त जानकारी के अनुसार, रात करीब 10 बजे एक तेज़ रफ्तार अनियंत्रित ट्रक ने उनकी बाइक को पीछे से जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि बाइक सवार दोनों जवान सड़क पर गिर पड़े। इस हादसे में नंदलाल ठाकुर, जो गिरिडीह जिले के रहने वाले थे, उनकी घटनास्थल पर ही मृत्यु हो गई। जबकि दूसरे पुलिसकर्मी गणेश सिंह गंभीर रूप से घायल हो गए। घटना के तुरंत बाद स्थानीय पुलिस और एंबुलेंस की मदद से घायल पुलिसकर्मी गणेश सिंह को शेख भिखारी मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल, हजारीबाग लाया गया, जहाँ प्राथमिक उपचार के बाद उनकी स्थिति को देखते हुए उन्हें रांची के एक निजी अस्पताल में रेफर किया गया। डॉक्टरों के अनुसार, उनके सिर और शरीर के अन्य हिस्सों में गंभीर चोटें आई हैं। घटना को अंजाम देने के बाद ट्रक चालक वाहन को लेकर मौके से फरार हो गया। पुलिस अधीक्षक अंजनी अंजन ने घटना की पुष्टि करते हुए बताया की ट्रक चालक की पहचान और गिरफ्तारी के लिए विशेष टीम का गठन किया गया है। हजारीबाग एवं आसपास के जिलों के सभी थानों को अलर्ट कर दिया गया है और सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे हैं ताकि फरार चालक को जल्द से जल्द पकड़ा जा सके। इस हादसे के बाद पुलिस महकमे में शोक की लहर दौड़ गई है। साथी जवानों ने दिवंगत पुलिसकर्मी को श्रद्धांजलि दी और कहा कि ड्यूटी के दौरान हुई यह दुर्घटना अत्यंत दुर्भाग्यपूर्ण है। मृतक नंदलाल ठाकुर को कर्तव्यनिष्ठ और अनुशासित जवान के रूप में जाना जाता था। कोर्रा थाना में इस संबंध में एफआईआर दर्ज कर ली गई है। पुलिस अधीक्षक ने स्पष्ट किया है की दोषी चालक को किसी भी सूरत में बख्शा नहीं जाएगा। राष्ट्रीय राजमार्ग पर लगातार हो रही दुर्घटनाओं और भारी वाहनों की तेज गति को लेकर भी अब सवाल उठने लगे हैं। ट्रैफिक जवानों की सुरक्षा को लेकर पुलिस प्रशासन को नई रणनीति पर विचार करना होगा।

इन्हें भी पढ़ें.