डिवाइडर से टकराकर पलटा यात्रियों से भरा वाहन, चार की मौत, 32 घायल
राजस्थान से बदायूं जा रहा था वाहन, गंभीर घायलों को हायर सेंटर रेफर, डीएम-एसपी ने मौके पर पहुंचकर लिया जायजा

बागपत : जिले के खेकड़ा थाना क्षेत्र में सोमवार देर रात यात्रियों से भरे वाहन के दुर्घटनाग्रस्त होने से चार लोगों की मौत हो गई जबकि करीब 32 लोग घायल हो गए। हादसा उस समय हुआ जब राजस्थान से बदायूं जा रहा यात्रियों से भरा वाहन डिवाइडर से टकराने के बाद अनियंत्रित होकर पलट गया। दुर्घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। पुलिस के अनुसार रात करीब 12:30 बजे डायल-112 के माध्यम से हादसे की सूचना मिली। सूचना मिलते ही खेकड़ा थाना पुलिस, चार पीआरवी वाहनों और एम्बुलेंस टीम के साथ मौके पर पहुंची। पुलिस और राहत दल ने तत्काल बचाव अभियान शुरू करते हुए घायलों को दुर्घटनाग्रस्त वाहन से बाहर निकाला और उपचार के लिए अस्पतालों में पहुंचाया। घायलों को सीएचसी खेकड़ा, सीएचसी बागपत और जिला अस्पताल बागपत में भर्ती कराया गया है। इनमें कई घायलों की हालत गंभीर बताई जा रही है जिन्हें बेहतर उपचार के लिए हायर सेंटर रेफर किया गया है। हादसे की जानकारी मिलने के बाद बागपत के एसपी सूरज कुमार राय और जिलाधिकारी अस्मिता लाल ने मौके पर पहुंचकर स्थिति का जायजा लिया तथा घायलों के उपचार की व्यवस्था की जानकारी ली। दुर्घटना के बाद पुलिस ने मौके पर यातायात व्यवस्था को नियंत्रित करते हुए आवागमन सुचारु कराया। वहीं मृतकों और घायलों के परिजनों से संपर्क करने की प्रक्रिया जारी है। एसपी सूरज कुमार राय ने बताया कि हादसे में मृतकों और घायलों से संबंधित जानकारी प्राप्त करने के लिए परिजन मोबाइल नंबर 9454417383 पर संपर्क कर सकते हैं। पुलिस द्वारा दुर्घटना के कारणों और घटना से जुड़े अन्य पहलुओं की जानकारी जुटाई जा रही है।