कपाली ओपी प्रभारी धिरंजन कुमार की अगुवाई में 31 मतदान केंद्रों पर शांतिपूर्ण मतदान संपन्न
मतगणना 27 फरवरी को, कपाली पुलिस ने जनता से भाईचारा बनाए रखने की अपील की

चांडिल : नगरपालिका (आम) निर्वाचन-2026 के तहत कपाली नगर परिषद क्षेत्र में सभी 31 मतदान केंद्रों पर शांतिपूर्ण ढंग से मतदान संपन्न हो गया। इस सफल आयोजन में कपाली ओपी प्रभारी धिरंजन कुमार की भूमिका विशेष रूप से सराहनीय रही। पुलिस अधीक्षक मुकेश लुणायत के मार्गदर्शन तथा अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी, चांडिल एवं पुलिस निरीक्षक, चांडिल के नेतृत्व में कपाली ओपी के पदाधिकारियों और जवानों ने मतदान प्रक्रिया के दौरान विधि-व्यवस्था बनाए रखने में अहम योगदान दिया। पूरे क्षेत्र में शांति और सौहार्द का माहौल देखने को मिला। ओपी प्रभारी धिरंजन कुमार ने नगर परिषद अध्यक्ष पद एवं सभी 21 वार्डों के प्रत्याशियों सहित मतदाताओं का सहयोग के लिए आभार व्यक्त किया। उन्होंने बताया कि 27 फरवरी 2026 को मतगणना निर्धारित है और मतदाताओं का निर्णय सर्वमान्य होगा। साथ ही सभी से आपसी भाईचारा बनाए रखने और प्रशासन का सहयोग करने की अपील की गई।