ताज़ा-ख़बर

पीएम मोदी–ट्रंप बातचीत: भारत पर अमेरिकी टैरिफ घटाने का दावा, व्यापार और ऊर्जा पर बनी सहमति

रिपोर्ट: VBN News Desk21 घंटे पहलेदेश

अमेरिका भारत पर लगाए जाने वाले पारस्परिक टैरिफ को 25 प्रतिशत से घटाकर 18 प्रतिशत करेगा

पीएम मोदी–ट्रंप बातचीत: भारत पर अमेरिकी टैरिफ घटाने का दावा, व्यापार और ऊर्जा पर बनी सहमति

Agency नई दिल्ली। अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के बीच फोन पर अहम बातचीत हुई, जिसमें व्यापार, ऊर्जा सहयोग और रूस-यूक्रेन युद्ध जैसे अंतरराष्ट्रीय मुद्दों पर चर्चा की गई। इस बातचीत की जानकारी भारत में अमेरिकी राजदूत सर्जियो गोर ने दी। राष्ट्रपति ट्रंप ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ट्रुथ सोशल पर जारी बयान में कहा कि प्रधानमंत्री मोदी उनके “सबसे अच्छे मित्रों में से एक” हैं और भारत के एक “शक्तिशाली एवं सम्मानित नेता” हैं। ट्रंप के अनुसार, बातचीत के दौरान दोनों देशों के बीच व्यापारिक संबंधों को और मजबूत करने पर सहमति बनी।

ट्रंप ने दावा किया कि भारत और अमेरिका के बीच एक व्यापार समझौते पर सहमति बनी है, जिसके तहत अमेरिका भारत पर लगाए जाने वाले पारस्परिक टैरिफ को 25 प्रतिशत से घटाकर 18 प्रतिशत करेगा। वहीं भारत अमेरिका के खिलाफ अपने टैरिफ और गैर-टैरिफ बाधाओं को चरणबद्ध रूप से शून्य तक लाने की दिशा में आगे बढ़ेगा।

ऊर्जा क्षेत्र को लेकर ट्रंप ने यह भी कहा कि प्रधानमंत्री मोदी रूस से तेल खरीद कम करने और अमेरिका तथा संभावित रूप से वेनेजुएला से अधिक तेल आयात करने पर सहमत हुए हैं। ट्रंप के मुताबिक, यह कदम रूस-यूक्रेन युद्ध को समाप्त करने की दिशा में सहायक हो सकता है।

इसके अलावा ट्रंप ने दावा किया कि ‘बाय अमेरिकन’ नीति के तहत भारत अमेरिका से 500 अरब डॉलर से अधिक मूल्य के ऊर्जा, प्रौद्योगिकी, कृषि, कोयला और अन्य उत्पादों की खरीद करेगा। उन्होंने कहा कि आने वाले समय में भारत-अमेरिका संबंध और मजबूत होंगे।

उल्लेखनीय है कि यह बातचीत ऐसे समय पर हुई है, जब विदेश मंत्री एस. जयशंकर एक दिन बाद अमेरिका की आधिकारिक यात्रा पर रवाना होने वाले हैं, जहां द्विपक्षीय और वैश्विक मुद्दों पर उच्चस्तरीय वार्ता होने की संभावना है।

इन्हें भी पढ़ें.