जारी प्रखंड में अधिकारियों की कमी से जनसेवा प्रभावित, विकास योजनाओं पर पड़ा असर, वैकल्पिक व्यवस्था से काम चलाने की कोशिश
प्रखंड में विकास योजनाओं के अलावा जाति, आय, और आवासीय प्रमाण पत्र बनवाने में विद्यार्थियों और आम जनता को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।

जारी (चैनपुर) : जारी प्रखंड में प्रखंड विकास पदाधिकारी (बीडीओ) और अंचलाधिकारी (सीओ) सहित कई महत्वपूर्ण पद महीनों से खाली पड़े हैं, जिससे प्रखंड का कामकाज भगवान भरोसे चल रहा है। बीडीओ-सीओ के साथ-साथ मनरेगा एई, कृषि पदाधिकारी, कल्याण पदाधिकारी, बीपीआरओ और मनरेगा बीपीओ जैसे अहम पदों के रिक्त होने से विकास योजनाएं और प्रशासनिक कार्य बुरी तरह प्रभावित हो रहे हैं। जिला प्रशासन ने चैनपुर प्रखंड के बीडीओ यादव बैठा को जारी का अतिरिक्त प्रभार सौंपा है। हालांकि, वे मूल प्रखंड के काम से समय निकालकर जारी के काम देख रहे हैं। इस वैकल्पिक व्यवस्था से जनता को राहत मिलने के बजाय कामकाज की गति धीमी हो गई है। प्रखंड में विकास योजनाओं के अलावा जाति, आय, और आवासीय प्रमाण पत्र बनवाने में विद्यार्थियों और आम जनता को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। मनरेगा के तहत मजदूरी का भुगतान समय पर नहीं हो पा रहा है, जिससे मजदूरों में असंतोष है। भाजपा नेता अवधेश प्रताप शाहदेव ने कहा कि जारी प्रखंड का काम प्रभारी पदाधिकारियों के सहारे चल रहा है। उन्होंने इसे परमवीर की धरती के लोगों के लिए दुर्भाग्यपूर्ण बताया और कहा कि रोजाना जनता को फजीहत झेलनी पड़ रही है। विकास योजनाओं और प्रशासनिक कार्यों में केवल खानापूर्ति हो रही है। इस स्थिति में प्रखंड के विकास और लोगों की आवश्यकताओं की पूर्ति कैसे होगी, यह बड़ा सवाल बनकर उभरा है। वहीं स्थानीय लोग और जनप्रतिनिधि जिला प्रशासन से जल्द से जल्द इन पदों पर स्थायी नियुक्तियां करने की मांग कर रहे हैं ताकि प्रखंड में प्रशासनिक कामकाज सुचारू रूप से हो सके।