गम्हरिया में रेस्टोरेंटों पर छापेमारी, मिलावटी पनीर बरामद, दुकानदारों की लापरवाही बेनकाब
खाद्य सुरक्षा विभाग की सख्ती, 8 किलो पनीर नष्ट, मानकों का उल्लंघन करने वालों पर कार्रवाई तय

सरायकेला : गम्हरिया क्षेत्र में भोजन परोसने वाले रेस्टोरेंटों की लापरवाही एक बार फिर सामने आई है। मंगलवार को खाद्य सुरक्षा पदाधिकारी सुबीर रंजन ने इलाके के कई रेस्टोरेंटों में औचक निरीक्षण किया जिसमें साफ-सफाई से लेकर खाद्य भंडारण तक गंभीर अनियमितताएँ पाई गईं। जांच के दौरान एक रेस्टोरेंट से पनीर का नमूना लिया गया जो प्रारंभिक परीक्षण में मिलावटी पाया गया। इसके बाद 8 किलोग्राम खराब पनीर को मौके पर ही नष्ट कराया गया। निरीक्षण के दौरान यह बात साफ हुई कि कई दुकानदार नियमों को ताक पर रखकर उपभोक्ताओं के स्वास्थ्य से खिलवाड़ कर रहे हैं। किचन की स्वच्छता मानकों का पालन नहीं, खुला और बिना लेबल का खाद्य पदार्थ, एक्सपायर्ड सामग्री का संभावित उपयोग ये सभी गंभीर चूकें सामने आईं। अधिकारियों ने सभी संचालकों को कड़े निर्देश दिए कि केवल प्रमाणित स्रोतों से खाद्य सामग्री खरीदें, स्वच्छता का पालन करें और कर्मचारियों को अनिवार्य रूप से वर्दी, ग्लव्स और हेडकवर का उपयोग कराएँ। खाद्य सुरक्षा विभाग ने स्पष्ट चेतावनी दी है कि आगे ऐसी लापरवाही पकड़े जाने पर दुकानदारों पर कठोर कार्रवाई होगी। उपभोक्ताओं की सुरक्षा के लिए विभाग की यह सख्ती बेहद जरूरी कदम मानी जा रही है।