सरायकेला-खरसावां हो समाज युवा महासभा की कुचाई प्रखंड कमिटी का पुनर्गठन, टाटा चातर बने अध्यक्ष
कार्यक्रम में पौधारोपण कर नव चयनित पदाधिकारियों का स्वागत

सरायकेला-खरसावां : जिले के खरसावां स्थित निरीक्षण भवन, पथ निर्माण विभाग में रविवार को आदिवासी हो समाज युवा महासभा की कुचाई प्रखंड कमिटी का पुनर्गठन किया गया। कार्यक्रम में जिला और अनुमंडल कमिटियों की उपस्थिति में सर्वसम्मति से नए पदाधिकारियों का चयन किया गया। नवगठित प्रखंड कमिटी में टाटा चातर को प्रखंड अध्यक्ष, दीपक बांदिया को उपाध्यक्ष, बेलमति होनहागा को सचिव और आकाश बानसिंह को कोषाध्यक्ष चुना गया। नव चयनित पदाधिकारियों को स्वागत स्वरूप पौधा भेंट किया गया। इस अवसर पर जिला अध्यक्ष नरेंद्र सिजुई ने संगठन विस्तार और सामाजिक जागरूकता अभियानों की जानकारी दी। उन्होंने कहा कि महासभा की नियमावली के अनुसार पंचायत से लेकर प्रदेश स्तर तक संगठन को मजबूत करना प्रमुख उद्देश्य है। कार्यक्रम में प्रदेश कमिटी सदस्य लेबा गागराई, जिला शिक्षा सचिव पूजा बंकिरा, अनुमंडल अध्यक्ष गोविंद हेम्ब्रम, अनुमंडल कोषाध्यक्ष विशु रघु, कुंवर सिंह पुरती, मेंजो हाईबुरू, अमिषा गागराई, राजेश उरांव सहित कई सदस्य उपस्थित रहे। कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य समाज में नेतृत्व क्षमता को विकसित करना, पारंपरिक विरासत को संरक्षित करना और सामाजिक समरसता को मजबूत करना रहा।