बागबेड़ा में रेलवे अतिक्रमण हटाने पर बवाल, वरिष्ठ अभियंता घायल, कार्रवाई स्थगित
रेलवे टीम अतिक्रमित भूमि पर बने मकानों को हटाने के लिए पहुंची थी, लेकिन लोगों ने आरोप लगाया कि गलत मकान को तोड़ने की तैयारी की जा रही थी।

पूर्वी सिंहभूम। बागबेड़ा थाना क्षेत्र के ग्वाला पट्टी में सोमवार को रेलवे की अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई के दौरान हंगामा हुआ। भारी सुरक्षा के बीच पहुंची रेलवे टीम को स्थानीय लोगों का विरोध सामना करना पड़ा। उग्र भीड़ ने वरिष्ठ अनुभाग अभियंता उपेंद्र शर्मा पर हमला कर उन्हें घायल कर दिया।
रेलवे टीम अतिक्रमित भूमि पर बने मकानों को हटाने के लिए पहुंची थी, लेकिन लोगों ने आरोप लगाया कि गलत मकान को तोड़ने की तैयारी की जा रही थी। रेलवे नोटिस में शांति देवी के स्थान पर मेघा यादव के मकान को अतिक्रमित बताया गया था, जिससे विवाद और बढ़ गया।
स्थानीय लोगों और कुछ महिलाओं ने अधिकारियों पर अभद्र व्यवहार का आरोप लगाया। भाजपा ओबीसी मोर्चा के स्थानीय नेता भी मौके पर पहुंचे और प्रभावित परिवार के समर्थन में खड़े हुए। उन्होंने प्रशासन से निष्पक्ष जांच और न्यायालय के निर्देशों का पालन सुनिश्चित करने की मांग की।
बढ़ते विरोध को देखते हुए मजिस्ट्रेट अमित कुमार ने कार्रवाई तुरंत स्थगित कर दी। अब क्षेत्र में पुलिस बल तैनात है और स्थानीय लोग उचित मुआवजा, पुनर्वास और निष्पक्ष जांच की मांग पर अड़े हैं। बस्तीवासियों ने चेतावनी दी है कि यदि उनकी मांगों पर ध्यान नहीं दिया गया तो 30 अप्रैल को वे सांसद कार्यालय का घेराव करेंगे।