BREAKING : बड़कागांव में पलटा स्कूली वाहन, कई बच्चे घायल, ग्रामीणों की तत्परता से टला बड़ा हादसा
सरगम इंटरनेशनल स्कूल के वाहन हादसे में चालक पर नशे में वाहन चलाने का आरोप

रिपोर्ट : अजय कुमार
हजारीबाग : बड़कागांव स्थित सरगम इंटरनेशनल स्कूल का एक स्कूल वाहन शनिवार को महुंगाईखुर्द के मरदु सोती रोड पर अनियंत्रित होकर पलट गया। हादसे में वाहन में सवार कई बच्चों को हल्की चोटें आईं। हालांकि ग्रामीणों की तत्परता से सभी बच्चों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया जिससे एक बड़ा हादसा टल गया। ग्रामीणों के अनुसार घटना समतल सड़क पर हुई। स्थानीय लोगों का आरोप है कि वाहन चालक शराब के नशे में था जिसके कारण वाहन का संतुलन बिगड़ गया और वह पलट गया। हालांकि चालक के नशे में होने की आधिकारिक पुष्टि प्रशासन या पुलिस की ओर से अभी तक नहीं की गई है। हादसे के बाद आसपास के ग्रामीण तत्काल मौके पर पहुंचे और वाहन में फंसे बच्चों को सुरक्षित बाहर निकाला। प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि हाल की बारिश के कारण जमीन गीली होने से वाहन की रफ्तार कम हो गई जिससे गंभीर दुर्घटना टल गई और बच्चों की जान बच गई। घटना के बाद क्षेत्र में अफरा-तफरी का माहौल बन गया। स्थानीय लोगों ने स्कूल प्रबंधन से स्कूल वाहनों की नियमित जांच, चालकों की चिकित्सीय जांच तथा सुरक्षा मानकों का कड़ाई से पालन सुनिश्चित करने की मांग की है। वहीं पुलिस एवं प्रशासन से पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कर आवश्यक कार्रवाई की मांग की जा रही है।