लूगू पहाड़ में नक्सल विरोधी अभियान में सुरक्षा बलों को बड़ी सफलता, माओवादी शीर्ष नेता प्रयाग मांझी सहित 8 नक्सली मुठभेड़ में ढेर
पुलिस मुख्यालय, झारखंड की ओर से जारी सूचना के अनुसार लूगू पहाड़ इलाके में अभियान अभी भी जारी है।

बोकारो : झारखंड के बोकारो जिले स्थित लूगू पहाड़ क्षेत्र में चलाए गए विशेष संयुक्त नक्सल उन्मूलन अभियान डाकाबेड़ा में सुरक्षा बलों को बड़ी सफलता मिली है। सोमवार तड़के 5:30 बजे से शुरू हुए इस अभियान के दौरान सुरक्षाबलों और भाकपा (माओवादी) नक्सलियों के बीच कई बार मुठभेड़ हुई जिसमें अब तक 8 माओवादियों के शव, भारी मात्रा में हथियार और दैनिक उपयोग की सामग्री बरामद की गई है।
मुठभेड़ में मारा गया शीर्ष माओवादी नेता
प्राप्त जानकारी के अनुसार मारे गए नक्सलियों में तीन की पहचान हो चुकी है जिसमे एक करोड़ रुपये का इनामी केंद्रीय कमेटी सदस्य विवेक उर्फ प्रयाग मांझी, स्पेशल एरिया कमेटी सदस्य अरविंद यादव और 10 लाख रुपये का इनामी जोनल कमेटी सदस्य साहब राम मांझी शामिल है। बाकी पांच नक्सलियों की पहचान के लिए प्रक्रिया जारी है। बरामद हुए हथियारों में चार इंसास राइफल, एक एसएलआर, एक रिवाल्वर शामिल है।
संयुक्त सुरक्षा बलों ने मिलकर चलाया अभियान
इस विशेष अभियान में 209 कोबरा बटालियन, बोकारो पुलिस, झारखंड जगुआर और सीआरपीएफ के जवान शामिल रहे। माओवादियों के शीर्ष नेताओं विवेक उर्फ प्रयाग मांझी और सहदेव सोरेन की मौजूदगी की खुफिया सूचना पर यह कार्रवाई की गई।
सर्च ऑपरेशन अब भी जारी
पुलिस मुख्यालय, झारखंड की ओर से जारी सूचना के अनुसार लूगू पहाड़ इलाके में अभियान अभी भी जारी है। सर्च ऑपरेशन के पूरा होने के बाद और अधिक जानकारी साझा की जाएगी।