बोकारो में प्रिंस खान-अमन साहू गैंग से जुड़े 7 अपराधी गिरफ्तार, मुठभेड़ में एक घायल
जांच में सामने आया है कि यह गिरोह प्रिंस खान, अमन साहू, प्रकाश शुक्ला, राहुल दुबे और मयंक सिंह जैसे अपराधियों के लिए काम करता था।

By Ashfar बोकारो, प्रतिनिधि: जिले में पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए प्रिंस खान, अमन साहू एवं प्रकाश शुक्ला गैंग से जुड़े सात अपराधियों को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार अपराधियों में प्रिंस गुप्ता भी शामिल है, जो पुलिस मुठभेड़ में गोली लगने से घायल हो गया। उसे इलाज के लिए बोकारो जनरल अस्पताल में भर्ती कराया गया है। पुलिस के अनुसार, बालीडीह थाना क्षेत्र के गोलमुरी पहाड़ी के पास एसआईटी टीम अपराधियों को हथियार बरामदगी के लिए लेकर गई थी। इसी दौरान प्रिंस गुप्ता ने पुलिस पर फायरिंग कर दी। जवाबी कार्रवाई में पुलिस की गोली उसके पैर में लग गई, जिससे वह घायल हो गया और मौके पर ही पकड़ लिया गया। पुलिस ने गिरफ्तार अपराधियों के पास से एक लोडेड पिस्टल, दो देशी कट्टा, 10 जिंदा कारतूस, दो कार्बाइन मैगजीन, मोबाइल सिम समेत अन्य आपत्तिजनक सामान बरामद किया है।
जांच में सामने आया है कि यह गिरोह प्रिंस खान, अमन साहू, प्रकाश शुक्ला, राहुल दुबे और मयंक सिंह जैसे अपराधियों के लिए काम करता था। ये लोग व्यवसायियों को फोन कर रंगदारी की मांग करते थे और उनके गतिविधियों पर नजर रखते थे।
पुलिस अधीक्षक हरविंदर सिंह ने बताया कि प्रिंस गुप्ता बोकारो के को-ऑपरेटिव क्षेत्र का निवासी है और उसके खिलाफ लगभग 10 आपराधिक मामले दर्ज हैं। अन्य गिरफ्तार आरोपियों में श्याम कुमार सिंह, अजय सिंह, ओम प्रकाश पाल, जैनेन्द्र शुक्ला और भूपेंद्र सिंह शामिल हैं, जिन पर भी कई मामले दर्ज हैं। एसपी ने बताया कि यह गिरोह एक बड़े आपराधिक नेटवर्क से जुड़ा हुआ है और यदि समय रहते इनकी गिरफ्तारी नहीं होती, तो ये किसी बड़ी घटना को अंजाम दे सकते थे। मामले की जांच जारी है तथा एफएसएल टीम द्वारा घटनास्थल की जांच की जा रही है।