रामगढ़ में ड्राइविंग लाइसेंस के लिए विशेष शिविर, ग्रामीणों को प्रखंड स्तर पर मिली सुविधा; 105 आवेदकों की प्रक्रिया पूरी

राज्य सरकार के निर्देशानुसार जिला परिवहन कार्यालय, दुमका की ओर से रामगढ़ प्रखंड कार्यालय सभागार में ड्राइविंग लाइसेंस बनाने के लिए दो दिवसीय प्रखंड स्तरीय विशेष शिविर का आयोजन किया गया। शिविर में बड़ी संख्या में ग्रामीणों ने पहुंचकर ड्राइविंग लाइसेंस बनवाने की प्रक्रिया पूरी की।
शिविर का मुख्य उद्देश्य ग्रामीण क्षेत्र के लोगों को ड्राइविंग लाइसेंस से जुड़ी सुविधाएं उनके प्रखंड क्षेत्र में ही उपलब्ध कराना था, ताकि उन्हें छोटे-छोटे कार्यों के लिए जिला मुख्यालय का बार-बार चक्कर नहीं लगाना पड़े। इससे लोगों के समय और खर्च दोनों की बचत हो रही है।
शिविर के दौरान पहले से ऑनलाइन आवेदन कर चुके अभ्यर्थियों के दस्तावेजों की जिला परिवहन कार्यालय के कर्मियों द्वारा जांच एवं सत्यापन किया गया। दस्तावेज सही पाए जाने के बाद आवेदकों की फोटोग्राफी, डिजिटल हस्ताक्षर (सिग्नेचर) सहित अन्य आवश्यक प्रक्रियाएं पूरी कराई गईं। इसके बाद परिवहन विभाग के निर्धारित नियमों के अनुसार ऑनलाइन लर्निंग लाइसेंस परीक्षा भी आयोजित की गई।
आवेदकों की सुविधा को देखते हुए शिविर का संचालन दो पालियों में किया गया। पहला सत्र सुबह 11 बजे से दोपहर 1 बजे तक तथा दूसरा सत्र दोपहर 2 बजे से शाम 4 बजे तक आयोजित किया गया। निर्धारित समय के अनुसार अभ्यर्थियों को बुलाकर उनकी प्रक्रिया पूरी कराई गई, जिससे शिविर में व्यवस्था बनी रही और भीड़ की स्थिति उत्पन्न नहीं हुई।
शिविर में कुल 150 आवेदकों को बुलाया गया था, जिनमें से 105 आवेदक उपस्थित होकर अपनी प्रक्रिया पूरी कर सके, जबकि 45 आवेदक अनुपस्थित रहे। उपस्थित आवेदकों के आवेदन का सत्यापन कर आगे की प्रक्रिया के लिए भेजा गया।
जिला परिवहन कार्यालय के कर्मियों ने बताया कि इस प्रकार के विशेष शिविरों का आयोजन ग्रामीण क्षेत्रों के लोगों के लिए काफी लाभदायक है। इससे लोगों को ड्राइविंग लाइसेंस बनवाने के लिए जिला मुख्यालय जाने की परेशानी से राहत मिलती है और परिवहन विभाग की सेवाएं आसानी से लोगों तक पहुंच रही हैं।
शिविर के सफल संचालन में अभय टेटे (एमजीआई), बिपिन कुमार (प्रधान सहायक), उमेश कुमार सिन्हा, सुमन कुमार झा, राकेश रौशन, बीरेंद्र तिवारी सहित जिला परिवहन कार्यालय के अन्य कर्मियों की महत्वपूर्ण भूमिका रही। सभी कर्मियों ने आवेदकों को आवश्यक जानकारी एवं मार्गदर्शन देते हुए पूरी प्रक्रिया को सुचारू रूप से संपन्न कराया।