नानी घर में रहकर मैट्रिक की परीक्षा देने वाली छात्रा अनुपमा ने की आत्महत्या, पुलिस खंगाल रही मोबाइल और किताबें
पुलिस इस मामले की हर पहलू से जांच कर रही है। घटनास्थल से अनुपमा का मोबाइल फोन, स्कूल बैग और उसकी कॉपियां व किताबें जब्त कर ली गई हैं।

चैनपुर: चैनपुर थाना क्षेत्र के बेंदोरा पंचायत अंतर्गत सदान कसीरा गांव में मैट्रिक की छात्रा अनुपमा कुल्लू (16 वर्ष) ने फांसी लगाकर अपनी जीवन लीला समाप्त कर ली। अनुपमा मूल रूप से सिमडेगा जिले के बिरंगा टोली की रहने वाली थी और बचपन से ही सदान कसीरा में अपनी नानी के घर रहकर पढ़ाई कर रही थी। उसने इसी वर्ष मैट्रिक की परीक्षा पूरी की थी।
परिजनों ने बताया कि अनुपमा अपनी तीन बहनों में सबसे छोटी थी। गुरुवार सुबह करीब 7:00 बजे उसकी बुआ रंजीता लकड़ा ने उसे कमरे में देखा था। काफी समय बीत जाने के बाद भी जब वह बाहर नहीं निकली तो रंजीता उसे देखने गईं। कमरा अंदर से बंद मिलने पर उन्होंने अनहोनी की आशंका में खिड़की को धक्का दिया। खिड़की खुलते ही देखा कि अनुपमा फांसी के फंदे पर झूल रही है। इस घटना से परिवार के सदस्य पूरी तरह स्तब्ध और अचंभित हैं। घटना की सूचना पर चैनपुर पुलिस ने मौके पर पहुंचकर शव को कब्जे में ले लिया। जांच के दौरान यह बात सामने आई है कि मृतका का चैनपुर प्रखंड के हुटार गांव निवासी संदीप रोतीय के साथ प्रेम प्रसंग था। पुलिस इस मामले की हर पहलू से जांच कर रही है। घटनास्थल से अनुपमा का मोबाइल फोन, स्कूल बैग और उसकी कॉपियां व किताबें जब्त कर ली गई हैं। पुलिस मोबाइल के कॉल डिटेल्स और मैसेज खंगाल रही है ताकि आत्महत्या की सही वजह का पता चल सके। घटना की जानकारी मिलते ही अनुपमा के माता-पिता और अन्य परिजन सिमडेगा के बिरंगा टोली से सदान कसीरा पहुंचे। घर की सबसे छोटी बेटी को खोने के गम में परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। परिवार के ही साहूल टोप्पो जो चीतरपुर गांव पर्व मनाने गए थे, उन्हें भी तुरंत बुलाया गया। थाना प्रभारी ने बताया कि पुलिस ने शव का पंचनामा करने के बाद उसे पोस्टमार्टम के लिए गुमला सदर अस्पताल भेज दिया है। पुलिस ने कहा कि मामले को लेकर पूछताछ की जा रही है और पोस्टमार्टम रिपोर्ट व तकनीकी जांच के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।