टाटा स्टील ने विश्व पर्यावरण दिवस की तैयारी में आयोजित किए रंग-बिरंगे जागरूकता कार्यक्रम
5 जून 2025 को विश्व पर्यावरण दिवस के अवसर पर कंपनी द्वारा कई अन्य कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।

जमशेदपुर : विश्व पर्यावरण दिवस (5 जून) पर पर्यावरण के प्रति जागरूकता फैलाने के उद्देश्य से टाटा स्टील, जमशेदपुर द्वारा बुधवार को दो आकर्षक प्रतियोगिताओं कलरफुल सेरेनिटी (लाइव पेंटिंग प्रतियोगिता) और ट्रैश टू ट्रेजर (कचरे से कारीगरी प्रतियोगिता) का आयोजन जेआरडी टाटा स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स में किया गया। इस प्रतियोगिता में 400 से अधिक विद्यार्थियों ने कक्षा 1 से 12 तक प्रकृति की सुंदरता और संरक्षण के संदेश को रंगों के माध्यम से प्रस्तुत किया जबकि कक्षा 4 से 10 के बीच के 50 से ज्यादा छात्रों ने कचरे से उपयोगी एवं सुंदर वस्तुएं बनाकर पुनर्चक्रण (रिसाइक्लिंग) और रचनात्मकता का परिचय दिया। यह कार्यक्रम झारखंड राज्य प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड (जेएसपीसीबी) के क्षेत्रीय कार्यालय के सहयोग से संपन्न हुआ। बोर्ड के क्षेत्रीय अधिकारी राम प्रवेश कुमार ने बच्चों की कलात्मकता और उनके द्वारा बेकार वस्तुओं के सुंदर उपयोग की सराहना की। उन्होंने टाटा स्टील की इस पहल को समाज में पर्यावरणीय चेतना जगाने वाला महत्वपूर्ण प्रयास बताया। टाटा स्टील जमशेदपुर आने वाले दिनों में कई और गतिविधियों की योजना बना रही है जिसमें सामुदायिक सफाई अभियान, वृक्षारोपण, और पर्यावरण व स्थायित्व पर कार्य कर रहे विशेषज्ञों के साथ तकनीकी सत्र शामिल हैं। इन आयोजनों के माध्यम से टाटा स्टील न केवल बच्चों को प्रकृति से जोड़ने का कार्य कर रही है बल्कि समाज में पर्यावरण संरक्षण की दिशा में सकारात्मक पहल को भी आगे बढ़ा रही है। वहीं 5 जून 2025 को विश्व पर्यावरण दिवस के अवसर पर कंपनी द्वारा कई अन्य कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।