ताज़ा-ख़बर

गहरे पानी के गड्ढे में डूबे तीन मासूम, मौत से गांव में मचा कोहराम

रिपोर्ट: VBN News Desk6 घंटे पहलेदेश

नहाने और मछली पकड़ने गए थे तीनों बच्चे, देर रात गोताखोरों ने निकाले शव, परिवारों में मातम

गहरे पानी के गड्ढे में डूबे तीन मासूम, मौत से गांव में मचा कोहराम

महोबा : उत्तर प्रदेश के महोबा जिले के चरखारी क्षेत्र में रविवार को दर्दनाक हादसे में तीन बच्चों की डूबने से मौत हो गई। रिवई गांव में नहाने गए तीनों बच्चे खेलते-खेलते पानी से भरे गहरे गड्ढे में चले गए और डूब गए। देर रात एक-एक कर तीनों के शव बाहर निकाले गए। घटना के बाद पूरे गांव में मातम का माहौल है। चरखारी क्षेत्राधिकारी दीपक दुबे के अनुसार मृतकों की पहचान प्रिंस (15) पुत्र मनोज अहिरवार, रोशनी (11) पुत्री जियालाल और अंशुल (10) पुत्र खलक अहिरवार के रूप में हुई है। जानकारी के मुताबिक तीनों बच्चे गांव के पंडित दीनदयाल उपाध्याय राजकीय मॉडल इंटर कॉलेज के पीछे बने गहरे गड्ढे में जमा पानी में नहाने गए थे। बताया गया कि तीनों वहां अक्सर मछली पकड़ने भी जाते थे। रविवार शाम तक जब बच्चे घर नहीं लौटे तो परिजनों ने उनकी तलाश शुरू की। इसी दौरान देर रात ग्रामीणों ने गड्ढे में एक शव उतराता देखा और पुलिस को सूचना दी। चरखारी थाना प्रभारी राहुल मिश्रा पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और स्थानीय गोताखोरों की मदद से प्रिंस को बाहर निकाला। उसे तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र चरखारी ले जाया गया जहां चिकित्सकों ने मृत घोषित कर दिया। इसके बाद पुलिस और गोताखोरों ने अन्य दोनों बच्चों की तलाश शुरू की। करीब आधे घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद रोशनी और अंशुल को भी उसी गहरे गड्ढे से बाहर निकाला गया। दोनों को अस्पताल पहुंचाया गया लेकिन डॉक्टरों ने उन्हें भी मृत घोषित कर दिया। हादसे की सूचना के बाद पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। एक ही गांव के तीन बच्चों की मौत से ग्रामीणों और परिजनों में गहरा शोक है। घटना ने खुले और पानी से भरे गहरे गड्ढों के आसपास बच्चों की सुरक्षा को लेकर भी गंभीर चिंता पैदा कर दी है।

इन्हें भी पढ़ें.