आदित्यपुर से लापता तीन नाबालिग बच्चियां पश्चिमी सिंहभूम से सकुशल बरामद, SIT की त्वरित कार्रवाई सफल
रूंगटा पार्क जाने निकली थीं चार सहेलियां, तीन दिन बाद तीन बच्चियों को सुरक्षित घर पहुंचाया पुलिस ने

आदित्यपुर : थाना क्षेत्र के बास्कोनगर से 13 जुलाई को रहस्यमय परिस्थितियों में लापता हुई तीन नाबालिग बच्चियों को सरायकेला-खरसावां पुलिस ने पश्चिमी सिंहभूम जिले से सकुशल बरामद कर लिया है। पुलिस अधीक्षक मनोज स्वार्गियारी के निर्देश पर गठित विशेष जांच दल (एसआईटी) की त्वरित और प्रभावी कार्रवाई से यह सफलता मिली। बच्चियों के सुरक्षित मिलने के बाद परिजनों ने राहत की सांस लेते हुए पुलिस प्रशासन का आभार व्यक्त किया। जानकारी के अनुसार बास्कोनगर की चार नाबालिग लड़कियां 13 जुलाई को घर से रूंगटा पार्क घूमने जाने की बात कहकर निकली थीं। इनमें से एक बच्ची अगले दिन सुरक्षित अपने घर लौट आई जबकि तीन अन्य बच्चियों का कोई सुराग नहीं मिल सका। बच्चियों के पास मोबाइल फोन नहीं होने के कारण शुरुआती तलाश में पुलिस और परिजनों को काफी कठिनाइयों का सामना करना पड़ा। इसके बाद परिजनों की शिकायत पर आदित्यपुर थाना पुलिस ने मामले को गंभीरता से लेते हुए जांच शुरू की। मामले की संवेदनशीलता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर विशेष जांच दल का गठन किया गया। एसआईटी ने तकनीकी अनुसंधान, गुप्त सूचनाओं और लगातार छापेमारी के आधार पर पश्चिमी सिंहभूम जिले के विभिन्न स्थानों पर अभियान चलाया। आखिरकार तीनों बच्चियों को सकुशल बरामद कर लिया गया। इस अभियान का नेतृत्व आदित्यपुर थाना प्रभारी अंजनी कुमार ने किया। टीम में अवर निरीक्षक विश्वजीत तिवारी तथा सहायक अवर निरीक्षक शिव प्रकाश की महत्वपूर्ण भूमिका रही। गुरुवार को सभी आवश्यक कानूनी और कागजी प्रक्रिया पूरी करने के बाद तीनों बच्चियों को उनके परिजनों के सुपुर्द कर दिया गया। पुलिस अधिकारियों ने बताया कि बच्चियों से पूछताछ की जा रही है ताकि उनके लापता होने के वास्तविक कारणों का पता लगाया जा सके। फिलहाल मामले की विस्तृत जांच जारी है। पुलिस का कहना है कि सभी पहलुओं की गहनता से जांच की जा रही है और तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।