चाईबासा-जमशेदपुर मार्ग पर दर्दनाक सड़क हादसा, तेज रफ्तार स्कॉर्पियो पलटी, एक की मौत, तीन घायल
घायलों में पंकज साव, शंकर और प्रिंस शामिल हैं।

राजनगर : चाईबासा-जमशेदपुर मुख्य मार्ग पर रविवार शाम करीब 5 बजे एक तेज रफ्तार स्कॉर्पियो वाहन अनियंत्रित होकर पलट गई। यह दर्दनाक हादसा कुजू पुल के समीप हुआ जिसमें एक युवक की मौके पर ही मौत हो गई जबकि तीन अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए। मृतक की पहचान चाईबासा शहर के गांधी टोला निवासी आशुतोष राय के रूप में की गई है। वह अपने दोस्तों के साथ स्कॉर्पियो से जमशेदपुर जा रहे थे। वाहन की रफ्तार इतनी अधिक थी कि पुल के पास नियंत्रण बिगड़ने से गाड़ी कई पलटे खाकर बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई। घायलों में पंकज साव, शंकर और प्रिंस शामिल हैं। सबसे गंभीर रूप से घायल पंकज साव को चाईबासा सदर अस्पताल में प्राथमिक उपचार के बाद जमशेदपुर रेफर किया गया है। अन्य दोनों की हालत भी चिंताजनक बताई जा रही है। घटना के बाद स्थानीय लोगों ने तत्काल सभी घायलों को अस्पताल पहुंचाने में मदद की। सूचना मिलते ही परिजन अस्पताल पहुंचे जहां मातम और चीख-पुकार का माहौल बन गया। पुलिस ने वाहन को जब्त कर लिया है और दुर्घटना के कारणों की जांच की जा रही है। दुर्घटना की बढ़ती घटनाओं को देखते हुए स्थानीय लोगों ने प्रशासन से इस मार्ग पर गति नियंत्रण के उपाय करने की मांग की है।