चेताग गांव में हथियार लहराकर ग्रामीणों को धमकाने वाले दो आरोपी गिरफ्तार, सिक्सर और चाकू बरामद
तलाशी के दौरान आरोपियों के पास से एक देशी सिक्सर और एक स्टील का फोल्डिंग धारदार चाकू बरामद किया गय

लातेहार। लातेहार जिले बालूमाथ थाना क्षेत्र के चेताग गांव में हथियार लहराकर लोगों को डराने-धमकाने के मामले में पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने उनके पास से एक देशी सिक्सर एवं एक स्टील का फोल्डिंग धारदार चाकू बरामद किया है।गुरुवार को बालूमाथ थाना में आयोजित प्रेस वार्ता में थाना प्रभारी अनुभव कुमार सिन्हा ने बताया कि पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि चेताग पंचायत भवन के समीप दो व्यक्ति हथियार लहराकर ग्रामीणों को डरा-धमका रहे हैं।
सूचना के आधार पर पुलिस टीम गठित कर तत्काल छापेमारी की गई। कार्रवाई के दौरान दोनों आरोपियों को पकड़ लिया गया।गिरफ्तार आरोपियों की पहचान चेताग गांव निवासी धनंजय पांडेय, पिता राजकुमार पांडेय तथा तल्केश्वर ठाकुर, पिता लक्ष्मण ठाकुर के रूप में हुई है।
तलाशी के दौरान आरोपियों के पास से एक देशी सिक्सर और एक स्टील का फोल्डिंग धारदार चाकू बरामद किया गया।थाना प्रभारी ने बताया कि मामले में बालूमाथ थाना कांड संख्या 117/26 के तहत भारतीय न्याय संहिता की धारा 352, 351(2), 109(2) एवं 35 तथा आर्म्स एक्ट की संबंधित धाराओं में प्राथमिकी दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई की गई। आवश्यक प्रक्रिया पूरी करने के बाद दोनों आरोपियों को मंडल कारा लातेहार भेज दिया गया।छापेमारी दल में पुलिस अवर निरीक्षक मनोज कुमार, पुलिस अवर निरीक्षक अभिषेक कुमार, सहायक अवर निरीक्षक प्रतिमा खलको सहित बालूमाथ थाना के सशस्त्र बल के जवान शामिल थे।