जर्मनी के मैगडेबर्ग में बेकाबू कार का कहर, सात भारतीय नागरिक घायल, संपर्क में दूतावास
दूतावास ने एक बयान में कहा कि हम मैगडेबर्ग में क्रिसमस बाजार में हुए इस भयानक और संवेदनहीन हमले की निंदा करते हैं।

बर्लिन : जर्मनी के मैगडेबर्ग शहर में शुक्रवार शाम क्रिसमस बाजार में एक बेकाबू कार द्वारा हुए हमले में सात भारतीय नागरिक भी घायल हो गए। हालांकि, उन्हें गंभीर चोटें नहीं आईं और प्राथमिक उपचार के बाद अस्पताल से छुट्टी दे दी गई। भारतीय दूतावास ने इस हमले की कड़ी निंदा की है। दूतावास ने एक बयान में कहा कि हम मैगडेबर्ग में क्रिसमस बाजार में हुए इस भयानक और संवेदनहीन हमले की निंदा करते हैं। इस हमले में कई बहुमूल्य जानें चली गईं और कई घायल हुए। हमारी संवेदनाएं और प्रार्थनाएं पीड़ितों और उनके परिवारों के साथ हैं। दूतावास ने यह भी कहा कि वह घायल भारतीयों और उनके परिवारों के संपर्क में है और हर संभव सहायता प्रदान कर रहा है। यह हमला बर्लिन से 150 किमी दूर स्थित मैगडेबर्ग में हुआ, जहां एक कार ने क्रिसमस बाजार में लोगों को रौंद दिया। इस घटना में दो लोगों की मौत हुई, जबकि 60 से ज्यादा घायल हो गए।
आरोपित गिरफ्तार, जांच जारी
पुलिस ने इस मामले में आरोपित सऊदी अरब के निवासी तालेब ए. को गिरफ्तार किया है। वह पेशे से डॉक्टर है और पिछले 18 साल से जर्मनी में रह रहा है। पुलिस मामले की गहन जांच कर रही है। इस हमले ने जर्मनी और अन्य देशों में सुरक्षा को लेकर चिंता बढ़ा दी है।