कुंवर विजय प्रताप सिंह देव की प्रतिमा का अनावरण, छऊ को वैश्विक मंच तक ले जाने का संकल्प
मनोज चौधरी बोले: छऊ हमारी पहचान - संरक्षण और विकास के लिए नगर पंचायत प्रतिबद्ध

सरायकेला : छऊ कला केंद्र में शुक्रवार को परिमार्जित सरायकेला छऊ शैली के जनक स्वर्गीय कुंवर विजय प्रताप सिंह देव की प्रतिमा का भव्य अनावरण नगर पंचायत अध्यक्ष मनोज कुमार चौधरी द्वारा किया गया। इस अवसर पर उनके सुपुत्र कामाख्या सिंह देव सहित कलाकारों, बुद्धिजीवियों और स्थानीय नागरिकों की बड़ी भागीदारी रही। प्रतिमा अनावरण के साथ ही पूरा परिसर तालियों की गड़गड़ाहट और श्रद्धा भाव से गूंज उठा। वर्ष 1896 में जन्मे कुंवर विजय प्रताप सिंह देव ने छऊ नृत्य को लोक परंपरा से आगे बढ़ाकर एक सुसंगठित और मंचीय स्वरूप दिया। उनके प्रयासों से इस कला को राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय पहचान मिली। कार्यक्रम को संबोधित करते हुए मनोज चौधरी ने कहा कि छऊ केवल कला नहीं बल्कि हमारी सांस्कृतिक पहचान है। इसे वैश्विक मंच तक पहुंचाना ही सच्ची श्रद्धांजलि होगी। उन्होंने छऊ कलाकारों के संरक्षण, सम्मान और सशक्तिकरण के लिए नगर पंचायत की प्रतिबद्धता दोहराई। उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि कार्यक्रम को लेकर फैलाई जा रही नकारात्मक टिप्पणियां निराधार हैं और इससे कलाकारों का मनोबल गिरता है। कार्यक्रम के अंत में सभी ने महान विभूति को श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए छऊ की परंपरा को आगे बढ़ाने का संकल्प लिया।