ताज़ा-ख़बर

आदित्यपुर में नवविवाहिता पिंकी महतो की मौत पर हंगामा, मायके वालों ने ससुराल पक्ष पर लगाया हत्या का आरोप

रिपोर्ट: MANISH 1 दिन पहलेझारखण्ड

प्रेम विवाह के तीन महीने बाद 21 वर्षीय पिंकी की संदिग्ध मौत, छत से गिरने की घटना की जांच में जुटी पुलिस

आदित्यपुर में नवविवाहिता पिंकी महतो की मौत पर हंगामा, मायके वालों ने ससुराल पक्ष पर लगाया हत्या का आरोप

आदित्यपुर : सरायकेला-खरसावां जिले के आदित्यपुर थाना क्षेत्र अंतर्गत सतबोहनी स्थित वासंती मंदिर के समीप जयनेस्ट अपार्टमेंट में रहने वाली 21 वर्षीय नवविवाहिता पिंकी महतो की मौत के बाद मंगलवार को जमकर हंगामा हुआ। मृतका के मायके वालों ने ससुराल पक्ष पर हत्या का गंभीर आरोप लगाया है। सूचना मिलने पर आदित्यपुर पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति को नियंत्रित करते हुए मामले की जांच शुरू कर दी। जानकारी के अनुसार पान दुकान क्षेत्र की रहने वाली पिंकी महतो ने इसी वर्ष जुलाई में मनीष शर्मा के साथ प्रेम विवाह किया था। मनीष पेशे से चालक बताया जा रहा है। बताया जाता है कि 23 अक्टूबर को मनीष लखीसराय गया हुआ था। इसी दौरान 24 अक्टूबर को पिंकी के छत से गिरकर घायल होने की सूचना सामने आई। घायल पिंकी को पहले जमशेदपुर के एमजीएम अस्पताल ले जाया गया। वहां से बेहतर इलाज के लिए उसे रिम्स रेफर किया गया। हालांकि उसकी हालत में सुधार नहीं हुआ। परिजन उसे आगे के इलाज के लिए बाहर ले जा रहे थे इसी दौरान उसकी मौत हो गई। पिंकी की मौत की खबर मिलने के बाद मायके पक्ष के लोग आक्रोशित हो गए और शव लेकर उसके ससुराल पहुंचे। वहां उन्होंने ससुराल पक्ष पर हत्या का आरोप लगाते हुए हंगामा किया। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर दोनों पक्षों को शांत कराया। एसपी मनोज स्वर्गियारी ने कहा कि मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है। नवविवाहिता की मौत किन परिस्थितियों में हुई इसका पता लगाने के लिए सभी पहलुओं की पड़ताल की जाएगी। जांच में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि पिंकी छत से किन परिस्थितियों में गिरी थी। मायके पक्ष के हत्या संबंधी आरोपों की भी जांच की जा रही है। पुलिस जांच के बाद ही मौत के वास्तविक कारणों का खुलासा हो सकेगा।

इन्हें भी पढ़ें.