दुर्गापूजा में नीतू शर्मा के नेतृत्व में मोर्चा संभाल रहीं तेजस्विनी संगठन की महिलाएं
महिला वॉलंटियरों की मेडिकल जांच पूरी, भीड़ प्रबंधन और सुरक्षित दर्शन में कर रहीं सहयोग

आदित्यपुर : दुर्गापूजा के दौरान श्रद्धालुओं की बढ़ती भीड़ को देखते हुए आदित्यपुर में महिला दर्शनार्थियों की सुविधा और सुरक्षा के लिए तेजस्विनी महिला संगठन की सदस्य महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगी। वार्ड 17 की पार्षद एवं तेजस्विनी संगठन की अध्यक्ष नीतू शर्मा के नेतृत्व में दर्जनों महिला वॉलंटियर पूजा पंडालों में व्यवस्था संभालने के साथ दर्शनार्थियों को आवश्यक सहयोग प्रदान कर रहीं हैं। जिला शांति समिति के सदस्य एवं प्रवीण सिंह सेवा संस्थान के प्रवक्ता जगदीश नारायण चौबे ने बताया कि महिला वॉलंटियर श्रद्धालुओं को माता रानी के दर्शन कराने, पंडाल में आवागमन सुचारू रखने तथा निकास द्वार से भीड़ के बीच सुरक्षित बाहर निकलने में मदद कर रहीं हैं। उनका कार्य आदित्यपुर के खरकई पुल से लेकर ईचागढ़ के पूर्व विधायक अरविंद सिंह उर्फ मलखान सिंह के पूजा पंडाल तक है। प्रवीण सिंह सेवा संस्थान के पूजा पंडाल के अध्यक्ष सह आदित्यपुर नगर निगम के उपमहापौर अंकुर सिंह के निर्देश पर महिला वॉलंटियरों की मेडिकल जांच भी कराई गई। चिकित्सक डॉ. सीआर सरदार और उनकी टीम ने महिलाओं का स्वास्थ्य परीक्षण किया ताकि वे पूजा के दौरान अपनी जिम्मेदारियां निभा सकें। इधर वार्ड 17 में जिला प्रशासन एवं आदित्यपुर शांति समिति की ओर से दुर्गा मेले की भीड़ को ध्यान में रखते हुए बनाए गए वॉच टावर में भी तेजस्विनी संगठन ने अपना योगदान दिया। इसके साथ संगठन की ओर से दशहरा मिलन समारोह आयोजित किया गया जिसमें बड़ी संख्या में महिलाएं शामिल हुईं। इस अवसर पर नीतू शर्मा ने संगठन की महिलाओं को दशहरा उपहार भेंट किए। उपहार पाकर महिलाओं ने प्रसन्नता व्यक्त करते हुए उनका आभार जताया। समारोह में महिलाओं ने आपसी मेलजोल के साथ जलपान और भोग का आनंद लिया। कार्यक्रम में पुष्पा देवी, सीमा देवी, पूजा देवी, सुमन देवी, संगीता कुमारी, सुमित्रा पांडा, प्रभा देवी, गुड़िया सोनी, कनकलता, मीरा तिवारी, रेनू शर्मा सहित अन्य महिलाएं उपस्थित रहीं। मेडिकल जांच के दौरान इंद्राकांत झा (इशु झा) और दिव्यांशु झा भी मौजूद थे।