आदित्यपुर औद्योगिक क्षेत्र स्थित दिलीप इंजीनियरिंग प्राइवेट लिमिटेड के मजदूरों का अनिश्चितकालीन धरना, जेएलकेएम पार्टी ने किया समर्थन
मजदूरों का कहना है कि जब तक उनकी सभी मांगें नहीं मानी जाती तब तक आंदोलन जारी रहेगा।

सरायकेला-खरसावां : आदित्यपुर औद्योगिक क्षेत्र फेज-2 के प्लॉट संख्या सी-54 स्थित दिलीप इंजीनियरिंग प्राइवेट लिमिटेड के मजदूरों ने कंपनी प्रबंधन के खिलाफ अनिश्चितकालीन धरना प्रदर्शन शुरू किया है। आंदोलनरत मजदूरों ने कंपनी पर 12 घंटे कार्य कराने के बावजूद कम वेतन देने, वेतन से कमीशन काटने, गेटपास या अन्य प्रूफ के बिना काम कराने, महिलाओं के लिए चेंजिंग रूम की व्यवस्था न होने, तथा कर्मचारियों के साथ दुर्व्यवहार और गाली-गलौज जैसे गंभीर आरोप लगाए हैं। मजदूरों के इस आंदोलन को झारखंड लोकतांत्रिक क्रांतिकारी मोर्चा (जेएलकेएम) के आदित्यपुर नगर अध्यक्ष प्रदीप महतो का नेतृत्व और पार्टी के केंद्रीय उपाध्यक्ष एवं सरायकेला विधानसभा के पूर्व प्रत्याशी प्रेम मार्डी का समर्थन मिला है। मौके पर संगठन सचिव सरोज महतो सहित सैकड़ों कार्यकर्ता मजदूरों के समर्थन में मौजूद रहे।
मजदूरों की प्रमुख मांगे:
- झारखंड सरकार द्वारा निर्धारित योग्यता एवं अनुभव के आधार पर न्यूनतम मजदूरी दी जाए।
- सभी मजदूरों को पीएफ, ईएसआई, बोनस, अवकाश जैसी कानूनी सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएं।
- कार्य से हटाए गए मजदूरों को पुनः कार्य पर रखा जाए।
- तीन वर्ष से अधिक कार्यरत मजदूरों को स्थायी किया जाए।
- हर माह की 10 तारीख तक पिछले माह का वेतन भुगतान सुनिश्चित हो।
- मासिक वेतन भुगतान की स्लिप मजदूरों को दी जाए।
- प्रतिदिन गाली-गलौज करने वाले सुपरवाइजर विपिन सिंह, रंजीत कुमार, अनुज वर्मा, और संतोष प्रधान को बर्खास्त किया जाए।
- मजदूरों से अवैध रूप से वसूली करने वाले कुणाल सिंह और संजीव नायक से राशि वापस कराई जाए।
- आंदोलन के दौरान मजदूरों को वेतन का भुगतान किया जाए।
- फैक्ट्री में मेडिकल फर्स्ट एड की सुविधा सुनिश्चित की जाए।
- कंपनी में कार्यरत सभी ठेकेदारों की जानकारी और दस्तावेज सार्वजनिक किए जाएं।
इस मौके पर रूपेश महतो (नगर मीडिया प्रभारी), विजय महतो (नगर युवा मोर्चा अध्यक्ष), मिंटू महतो, रोहिन महतो, मानस दास, श्याम महतो, राजू महतो, मनोज महतो, सचिन कैवर्तो, आनंद दास, अमित महतो, विश्वनाथ महतो, माधव महतो सहित सैकड़ों लोग धरने में शामिल रहे। मजदूरों का कहना है कि जब तक उनकी सभी मांगें नहीं मानी जाती तब तक आंदोलन जारी रहेगा। वहीं कंपनी प्रबंधन की ओर से अब तक कोई औपचारिक प्रतिक्रिया नहीं आई है।