ताज़ा-ख़बर

उत्तराखंड के कालसी में एचआरटीसी की बस खाई में गिरी, तीन यात्रियों की मौत

रिपोर्ट: VBN News Desk1 घंटे पहलेदेश

इस दुर्घटना में 03 यात्रियों की मृत्यु हो गई है।

 उत्तराखंड के कालसी में एचआरटीसी की बस खाई में गिरी, तीन यात्रियों की मौत

देहरादून, । उत्तराखंड के देहरादून जनपद अंतर्गत कालसी क्षेत्र में मंगलवार सुबह कुआनु, मीनाक रोड (मीनस मार्ग) पर हिमाचल पथ परिवहन निगम (एचआरटीसी) की एक बस अनियंत्रित होकर करीब 100 मीटर गहरी खाई में जा गिरी। इस हादसे में तीन यात्रियों की मौके पर मौत हो गई, जबकि कई अन्य यात्री घायल हो गए। दुर्घटना के बाद पूरे क्षेत्र में अफरा-तफरी और शोक का माहौल बन गया।

पुलिस के अनुसार, यह बस हिमाचल प्रदेश के शिमला जिले के चौपाल उपमंडल स्थित नेरवा से सिरमौर जिले के पांवटा साहिब जा रही थी। बस में चालक और परिचालक सहित कुल 36 यात्री सवार थे। बताया जा रहा है कि बस एक अन्य वाहन को साइड देने के दौरान संतुलन खो बैठी, जिससे वह सड़क से फिसलते हुए गहरी खाई में गिर गई।

हादसे की सूचना मिलते ही थाना कालसी पुलिस, एसडीआरएफ और स्थानीय प्रशासन की टीमें तत्काल मौके पर पहुंचीं और राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया गया। खाई की गहराई अधिक होने के कारण बचाव कार्य में काफी मशक्कत करनी पड़ी। टीमों ने घायलों को खाई से बाहर निकालकर एंबुलेंस के माध्यम से नजदीकी अस्पतालों में भेजा।

प्रशासनिक अधिकारियों के अनुसार, इस दुर्घटना में 03 यात्रियों की मृत्यु हो गई है। वहीं, 06 घायलों को प्राथमिक उपचार के बाद छुट्टी दे दी गई, जबकि 03 यात्री गंभीर रूप से घायल बताए जा रहे हैं। इसके अलावा लगभग 24 अन्य यात्री घायल हुए हैं। गंभीर रूप से घायल दिनेश कुमार का इलाज देहरादून स्थित ग्राफिक एरा अस्पताल में चल रहा है।

पुलिस ने बताया कि मृतकों की पहचान यासमीन बेगम (46 वर्ष), रिचा (30 वर्ष) और धन बहादुर के रूप में हुई है। तीनों मृतक हिमाचल प्रदेश के नेरवा क्षेत्र के निवासी हैं।

पुलिस प्रशासन की ओर से दुर्घटना के संबंध में आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जा रही है। साथ ही हादसे के वास्तविक कारणों की जांच भी शुरू कर दी गई है। प्रारंभिक तौर पर दुर्घटना का कारण सड़क की संकरी स्थिति और संतुलन बिगड़ना माना जा रहा है, हालांकि जांच के बाद ही स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।

हादसे की सूचना मिलते ही मृतकों के परिजनों में कोहराम मच गया और पूरे इलाके में शोक की लहर दौड़ गई।

इन्हें भी पढ़ें.