ताज़ा-ख़बर

रांची क्लब में 15 मार्च को 103वां बसंत गुलाब शो

रिपोर्ट: VBN News Desk1 घंटे पहलेझारखण्ड

रोज सोसाइटी ऑफ रांची और रांची क्लब लिमिटेड के सहयोग से आयोजन

रांची क्लब में 15 मार्च को 103वां बसंत गुलाब शो

गुलाब की विभिन्न प्रजातियों के साथ पेंटिंग, फोटोग्राफी व सजावट की प्रतियोगिताएं

रांची | रोज सोसाइटी ऑफ रांची की ओर से 15 मार्च 2026 को रांची क्लब हॉल में 103वां बसंत गुलाब शो आयोजित किया जाएगा। इस आयोजन में गुलाब की विभिन्न किस्मों और रंगों के फूलों का आकर्षक प्रदर्शन किया जाएगा। इसके साथ ही शिल्प, पेंटिंग, फोटोग्राफी और गुलाबों की सजावट से जुड़े प्रदर्शन भी लोगों के लिए आकर्षण का केंद्र होंगे।

आयोजकों के अनुसार प्रदर्शनी में सर्वश्रेष्ठ फूल को “किंग ऑफ द शो” का खिताब दिया जाएगा। वहीं दूसरे सर्वश्रेष्ठ फूल को “क्वीन ऑफ द शो” पुरस्कार से सम्मानित किया जाएगा। इसके अलावा सर्वश्रेष्ठ फ्लोरिबुंडा (Floribunda) के लिए “प्रिंस ऑफ द शो” और सर्वश्रेष्ठ मिनिएचर गुलाब को “प्रिंसेस ऑफ द शो” पुरस्कार प्रदान किया जाएगा।

प्रतियोगिता को कई श्रेणियों में विभाजित किया गया है, जिनमें व्यक्तिगत, संस्थागत, भारतीय गुलाब, नए प्रतिभागी, गुलाब का उत्कृष्ट प्रदर्शन, गुलाब की सजावट, पेंटिंग, क्राफ्ट और कढ़ाई शामिल हैं। प्रतियोगिता में कुल 59 श्रेणियां निर्धारित की गई हैं। निर्णायक मंडल फूलों के आकार, रंग, रूप, पत्तियों और तने के आधार पर निर्णय करेगा।

फूलों के प्रदर्शन के लिए सोसाइटी की ओर से कंटेनर और बोतलों की व्यवस्था भी उपलब्ध कराई जाएगी। यह प्रदर्शनी आम जनता के लिए निःशुल्क रहेगी। यह जानकारी अध्यक्ष गणेश मुंजाल और ट्रेजरर हेजल डेविस ने दी। उन्होंने बताया कि इस आयोजन का उद्देश्य रांची की जलवायु के अनुकूल गुलाब की खेती और उसकी विभिन्न प्रजातियों को बढ़ावा देना है। साथ ही लोग यहां खूबसूरत गुलाबों के साथ पेंटिंग, शिल्प और कढ़ाई की कलाकृतियों का भी आनंद ले सकेंगे।

इन्हें भी पढ़ें.