द्रोणाचार्य क्रिकेट लीग: कलकत्ता पब्लिक स्कूल की 4 विकेट से जीत
कैरली पब्लिक स्कूल को हराया; श्रीराज पांडे के ऑलराउंड प्रदर्शन से टीम को मिली जीत

ओरमांझी: ओरमांझी द्रोणाचार्य क्रिकेट लीग के तहत खेले गए रोमांचक मुकाबले में कलकत्ता पब्लिक स्कूल, ओरमांझी ने कैरली पब्लिक स्कूल को चार विकेट से हराकर शानदार जीत दर्ज की। यह प्रतियोगिता रांची जिला अंतर्गत सीबीएसई से संबद्ध विभिन्न विद्यालयों के शिक्षकों और शिक्षकेतर कर्मियों के बीच खेली जा रही है।
कैरली पब्लिक स्कूल के मैदान में खेले गए इस मुकाबले में कैरली पब्लिक स्कूल ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करने का फैसला किया। 16 ओवर के इस मैच में कैरली स्कूल की टीम 14 ओवर में 120 रन बनाकर ऑलआउट हो गई। टीम के कप्तान शेख मुस्ताक ने अच्छी बल्लेबाजी करते हुए टीम को सम्मानजनक स्कोर तक पहुंचाने की कोशिश की, लेकिन टीम को जीत नहीं दिला सके।
लक्ष्य का पीछा करने उतरी कलकत्ता पब्लिक स्कूल की टीम ने संयमित और आक्रामक बल्लेबाजी का प्रदर्शन करते हुए छह विकेट खोकर 124 रन बना लिए और 27 गेंद शेष रहते मैच अपने नाम कर लिया।
टीम की ओर से सूरज ने बेहतरीन बल्लेबाजी करते हुए लगातार तीन छक्कों की मदद से 45 रन बनाए। वहीं बाएं हाथ के ओपनर बल्लेबाज श्रीराज पांडे ने तीन छक्कों और दो चौकों की सहायता से 37 रन बनाए। इसके साथ ही उन्होंने गेंदबाजी में भी तीन विकेट लेकर शानदार ऑलराउंड प्रदर्शन किया। उनके इस प्रदर्शन के लिए उन्हें प्लेयर ऑफ द मैच चुना गया।
मैच का विजयी चौका अनुज कुमार तिवारी ने लगाकर टीम को जीत दिलाई। कलकत्ता पब्लिक स्कूल के कप्तान संतोष कुमार के नेतृत्व में टीम ने शानदार खेल का प्रदर्शन किया। मैच के दौरान दर्शकों ने खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन किया और आगामी मुकाबलों के लिए शुभकामनाएं दीं।