दुबई में फंसे झारखंड के 14 प्रवासी मजदूरों ने लगाई वतन वापसी की गुहार
सभी मजदूर अक्टूबर 2025 में ईएमसी कंपनी के माध्यम से दुबई गए थे, जहां उन्हें ट्रांसमिशन लाइन के कार्य में लगाया गया।

गिरिडीह। झारखंड के प्रवासी मजदूरों के विदेशों में फंसने के मामले लगातार सामने आ रहे हैं। इसी कड़ी में एक और गंभीर मामला दुबई से सामने आया है, जहां गिरिडीह, हजारीबाग और बोकारो जिले के कुल 14 प्रवासी मजदूर पिछले तीन महीनों से फंसे हुए हैं। मजदूरों का आरोप है कि उन्हें न तो समय पर वेतन दिया जा रहा है और न ही बुनियादी सुविधाएं उपलब्ध कराई जा रही हैं।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, सभी मजदूर अक्टूबर 2025 में ईएमसी कंपनी के माध्यम से दुबई गए थे, जहां उन्हें ट्रांसमिशन लाइन के कार्य में लगाया गया। लेकिन पिछले तीन महीनों से किसी भी मजदूर को पूर्ण रूप से मजदूरी नहीं मिली है। कंपनी द्वारा उनसे तय समय से अधिक काम कराया जा रहा है, जिससे मजदूरों को खाने-पीने और रहने में भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।
विदेश में फंसे मजदूरों ने एक वीडियो के माध्यम से अपनी पीड़ा साझा करते हुए भारत सरकार और झारखंड सरकार से मदद की गुहार लगाई है। यह वीडियो प्रवासी मजदूरों के हित में कार्य करने वाले सामाजिक कार्यकर्ता सिकंदर अली को भेजा गया, जिसे उन्होंने मीडिया के साथ साझा किया है।
सिकंदर अली ने कहा कि यह कोई पहला मामला नहीं है। इससे पहले भी कई बार झारखंड के मजदूर अधिक पैसे कमाने के लालच में विदेश गए और वहां फंस गए। काफी मशक्कत के बाद उनकी वतन वापसी संभव हो पाई, लेकिन इसके बावजूद मजदूर पुराने अनुभवों से सबक नहीं ले रहे हैं। उन्होंने केंद्र और राज्य सरकार से मांग की कि दुबई में फंसे सभी मजदूरों की सकुशल वतन वापसी के लिए अविलंब ठोस कदम उठाए जाएं।
उन्होंने हाल ही में सऊदी अरब में हुई एक दुखद घटना का भी जिक्र किया। डुमरी थाना क्षेत्र के मधगोपाली पंचायत (दूधपनिया गांव) निवासी प्रवासी मजदूर विजय कुमार महतो की 23 अक्टूबर 2025 को सऊदी अरब में मौत हो गई थी, लेकिन घटना के तीन महीने बाद भी उनका शव देश नहीं लाया जा सका है और न ही परिजनों को मुआवजा मिला है।
इस बार दुबई में फंसे मजदूरों में गिरिडीह जिले के सरिया थाना क्षेत्र अंतर्गत चिचाकी के रोशन कुमार और अजय कुमार, बगोदर थाना क्षेत्र के तिरला निवासी राजेश महतो, मंडरो व डुमरडेली के अजय कुमार शामिल हैं। बोकारो जिले के पेंक नारायणपुर थाना क्षेत्र अंतर्गत कंजकीरो के डालेश्वर महतो, हजारीबाग जिले के बिष्णुगढ़ थाना क्षेत्र के खेदाडीह के जागेश्वर महतो व फालेन्द्र महतो, सिरैय के बैजनाथ महतो, पारजोरिया के दिलीप महतो, गंगाधर महतो व त्रिलोकी महतो, चकचुको बसरिया के दीपक कुमार तथा गोरहर थाना क्षेत्र के रोहित महतो और सेवा महतो शामिल हैं।
मजदूरों का कहना है कि वे अब भोजन तक के लिए मोहताज हो गए हैं और लगातार मानसिक तनाव में हैं। उन्होंने सरकार से जल्द से जल्द हस्तक्षेप कर उन्हें सुरक्षित देश वापस लाने की मांग की है।