ताज़ा-ख़बर

रामगढ़ में हाथियों का कहर, तीन लोगों की दर्दनाक मौत, गांवों में दहशत का माहौल

रिपोर्ट: VBN News Desk9 घंटे पहलेझारखण्ड

ग्रामीणों का फूटा गुस्सा - पूर्व सूचना और सुरक्षा व्यवस्था पर उठे सवाल, मुआवजे का आश्वासन

रामगढ़ में हाथियों का कहर, तीन लोगों की दर्दनाक मौत, गांवों में दहशत का माहौल

रामगढ़ : झारखंड के रामगढ़ जिला के गोला थाना क्षेत्र में जंगली हाथियों के हमले ने तीन लोगों की जान ले ली जिससे पूरे इलाके में दहशत और आक्रोश का माहौल व्याप्त है। घटना के बाद ग्रामीणों में भय के साथ-साथ वन विभाग के प्रति नाराजगी भी देखने को मिल रही है। मिली जानकारी के अनुसार मुरपा गांव निवासी वृद्ध श्याम देव साव महुआ चुनने जंगल की ओर जा रहे थे तभी हाथियों के झुंड ने उन्हें कुचल दिया जिससे उनकी मौके पर ही मौत हो गई। इसके बाद हाथियों का झुंड बंदा गांव के बांग्ला भट्ठा क्षेत्र पहुंच गया जहां शौच के लिए निकले दो मजदूर (युगल भुईया और धीरज भुईया) पर हमला कर दिया गया। दोनों की घटनास्थल पर ही मौत हो गई। घटना की सूचना मिलते ही वन विभाग और स्थानीय पुलिस टीम मौके पर पहुंची और स्थिति का जायजा लिया। तीनों मृतकों की पहचान कर परिजनों को सूचना दे दी गई है तथा आगे की प्रक्रिया जारी है। इस घटना के बाद ग्रामीणों में भारी आक्रोश है। लोगों का कहना है कि हाथियों की गतिविधियों की समय पर सूचना नहीं दी जाती जिससे वे सतर्क नहीं हो पाते। साथ ही वन विभाग द्वारा हाथियों को सुरक्षित क्षेत्रों की ओर खदेड़ने में भी लापरवाही बरती जा रही है। वहीं वन क्षेत्र पदाधिकारी नीलेश पोद्दार ने बताया कि हाथियों के दूसरे जिले में होने की सूचना थी लेकिन अचानक उनका मूवमेंट इस क्षेत्र में हो गया। उन्होंने मृतकों के परिजनों को सरकारी प्रावधान के तहत मुआवजा देने का आश्वासन दिया। फिलहाल वन विभाग और पुलिस की टीम इलाके में कैंप कर रही है और ग्रामीणों से सतर्क रहने की अपील की जा रही है, ताकि आगे ऐसी घटनाओं से बचा जा सके।

इन्हें भी पढ़ें.